IND vs SL: श्रीलंका दौरे के लिए टीम इंडिया का शेड्यूल बदला, अब सिर्फ 3 दिन का होगा ये मैच

🏏

India vs Sri Lanka: भारतीय क्रिकेट टीम जल्द ही श्रीलंका का दौरा करने वाली है. इस दौरे पर 2 मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जाने वाली है. वहीं, एक वॉर्म-अप मैच भी रखा गया है. इस दौरे से पहले एक बड़ा बदलाव देखने को मिला है.

Ind vs SL Test Series Schedule: श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम के शेड्यूल में एक बड़ा बदलाव किया गया है. भारतीय टेस्ट टीम और लोकल श्रीलंका XI के बीच खेले जाने वाले वॉर्म-अप मैच को एक दिन कम का कर दिया गया है. यानी पहले यह मुकाबला 4 दिन का था, लेकिन अब यह 3 दिन का हो गया है. यह वॉर्म-अप मैच 7 अगस्त से 9 अगस्त के बीच कोलंबो के एनसीसी ग्राउंड में खेला जाएगा, जो दूसरे टेस्ट के वेन्यू एसएससी स्टेडियम के पास स्थित है. वहीं, इस दौरे के लिए भारतीय टीम 4 अगस्त को कोलंबो के लिए रवाना होगी.


टीम इंडिया को दी गई जानकारी

बीसीसीआई (BCCI) ने टीम सेलेक्शन के समय 4-दिवसीय वॉर्म-अप मैच का ऐलान किया था, लेकिन अब इस बदलाव की जानकारी टीम को दे दी गई है. हालांकि मैच को छोटा करने की सटीक वजह सामने नहीं आई है, लेकिन बीसीसीआई और टीम मैनजमेंट के सूत्रों ने इस बदलाव की पुष्टि की है. बता दें, जून के बाद से भारत ने कोई टेस्ट मैच नहीं खेला है, ऐसे में आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के मौजूदा साइकल के तहत खेली जा रही इस सीरीज से पहले शुभमन गिल की अगुवाई वाली टीम के लिए यह मुकाबला तैयारियों के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है. वहीं, फैंस के लिए अच्छी खबर यह है कि इस वार्म-अप मैच का लाइव टेलीकास्ट किया जाएगा.

टीम इंडिया का श्रीलंका दौरा

▪️3-दिवसीय वॉर्म-अप मैच: 7 से 9 अगस्त (एनसीसी ग्राउंड, कोलंबो)
▪️पहला टेस्ट: 15 अगस्त से शुरू (गाले इंटरनेशनल स्टेडियम)
▪️दूसरा टेस्ट: 23 अगस्त से शुरू (एसएससी स्टेडियम, कोलंबो)

बुमराह और साई सुदर्शन की फिटनेस पर अपडेट

भारतीय टीम के लिए दौरे से पहले दो खिलाड़ियों की फिटनेस को लेकर भी बड़ा अपडेट सामने आया है. क्रिकबज की एक रिपोर्ट के मुताबिक, बाएं हाथ के युवा बल्लेबाज साई सुदर्शन पैर के अंगूठे में चोट के कारण बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रीहैब से गुजर रहे थे. अब वह तेजी से रिकवर हो रहे हैं और उन्होंने बल्लेबाजी का अभ्यास भी शुरू कर दिया है. उम्मीद है कि टीम की रवानगी से पहले वह पूरी तरह फिट हो जाएंगे. वहीं, जसप्रीत बुमराह को भी घुटने की समस्या के कारण शर्त के साथ टीम में चुना गया था. वह भी टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले फिटनेस हासिल करने की सही राह पर हैं,


श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय टेस्ट टीम
शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जड़ेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन.

Please Share With Your Friends Also

‘जन-जन तक संदेश’ ( Jan Jan Tak Sandesh) यह छत्तीसगढ़ का एक तेजी से बढ़ता हुआ हिंदी न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सिर्फ खबरें पहुँचाना नहीं, बल्कि समाज की आवाज़ बनना है।

Leave a Comment