🇮🇳
नई दिल्ली। बाइक और कार की हेडलाइट को लेकर नए नियम प्रस्तावित हैं. नए नियम में Low Beam, High Beam की लिमिट और बसों पर Reflective Tape से जुड़े बदलाव करने का प्रस्ताव है.
नई बाइक्स में सिर्फ चलेगी Low Beam
अगर आप कार या बाइक चलाते हैं, तो ये खबर जरूर पढ़ लें. दरअसल, अब जो भी नए दोपहिया वाहन होंगे उनमें Automatic Headlamp On (AHO) सिस्टम एक्टिव होने पर हेडलाइट सिर्फ Passing Beam यानी हल्की ही जलेगी. बता दें अभी AHO सेटिंग में आप अपने हिसाब से हल्की या तेज हेडलाइट चला सकते हैं.
नियम बदलने से पुरानी बाइक्स पर भी असर?
हालांकि, यह बदलाव अभी सिर्फ नए दोपहिया वाहनों पर लागू करने का प्रस्ताव है. सड़क पर पहले से चल रही बाइक्स में कोई बदलाव नहीं होगा. सरकार का कहना है कि हल्की हेडलाइट को लेकर जागरूकता बढ़ाने की कोशिशों के बावजूद कई लोग तेज रोशनी का इस्तेमाल कर रहे हैं.
High Beam की चमक भी होगी कम
नई व्यवस्था में हाई बीम (High Beam) की अधिकतम रोशनी की सीमा घटाने का प्रस्ताव है. दोपहिया वाहनों के लिए यह सीमा 1.5 लाख से घटाकर 1 लाख candela और चार पहिया वाहनों के लिए 2.25 लाख से घटाकर 1.5 लाख candela की जा सकती है. इसका मकसद सामने से आने वाले ड्राइवर की आंखों पर पड़ने वाली तेज चमक को कम करना है.

हेडलाइट के रंग पर भी लिमिट लगाने का प्लान
प्रस्ताव में हेडलाइट और फ्रंट फॉग लैंप की कोलार टेम्परेचर अधिकतम 6,500 Kelvin रखने की बात है. ज्यादा कोलार टेम्परेचर वाली सफेद रोशनी सामने वाले चालक के लिए चमक बढ़ाकर विजिबिलिटी कम कर सकती है. मेन बीम की माउंटिंग हाइट को भी पासिंग बीम के निर्धारित मानक के बराबर रखने का प्रस्ताव है.
High Beam करने पर वार्निंग
इसके अलावा, नई कारों और बाइक्स में ऐसा ऑडियो वार्निंग सिस्टम लाने का प्रस्ताव है, जो शहर में ड्राइवर के हाई-बीम ऑन करने पर उसे खुद कम बीम पर लौटने का अलर्ट देगा. हालांकि, यह स्पीड-सेंसिटिव वार्निंग होगी, यानी हर स्थिति में नहीं बजेगी.
हाईवे के लिए अलग हैं नियम
अगर कोई ड्राइवर हाईवे पर 60 Kmph से ज्यादा की रफ्तार से चल रहा है, तो उसे हाई बीम के लिए यह वार्निंग नहीं मिलेगी. वजह यह है कि कम रोशनी वाले हाईवे पर दूर तक देखने के लिए हाई बीम जरूरी हो सकती है. यानी शहर में शहर कम करना और हाईवे पर सुरक्षा बनाए रखना दोनों का ध्यान रखा जाएगा.
बसों-भारी वाहनों पर Reflective Tape
बसों और दूसरे भारी वाहनों को रात और खराब मौसम में ज्यादा आसानी से दिखाई देने के लिए रिफ्लेक्टिव टेप लगाने का प्रस्ताव भी है. ये सभी बदलाव Ministry of Road Transport and Highways द्वारा केंद्रीय मोटर वाहन नियम में प्रस्तावित संशोधनों का हिस्सा हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, नए नियम अगले साल अप्रैल से लागू होने की उम्मीद है.


















