🏏
India A Women vs Australia A Women: भारत और ऑस्ट्रेलिया की महिला A टीमों के बीच सितंबर में तीनों फॉर्मेट की सीरीज खेली जाएगी, जिसके लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम भारत दौरे पर आने वाली है. इस सीरीज के लिए ही BCCI ने स्क्वॉड का ऐलान किया है.
India A Women vs Australia A Women: टीम इंडिया के भविष्य के खिलाड़ियों को तैयार करने के लिए BCCI लगातार ‘ए’ टीम की सीरीज आयोजित करती है. पिछले कई सालों से सिर्फ मेंस क्रिकेट में ही ‘ए’ टीम की सीरीज होती थी. मगर हाल के वक्त में महिला A टीम की सीरीज भी आयोजित की जा रही है, जिसके जरिए कई नई प्रतिभाएं भारतीय टीम में जगह बना रही हैं. ऐसी ही एक सीरीज के लिए भारतीय महिला ए टीम का ऐलान कर दिया गया है, जहां उनका सामना ऑस्ट्रेलिया A से होगा. इसमें एक नाम सबसे ज्यादा ध्यान खींच रहा है, ये नाम है अनुष्का शर्मा, जिन्हें टी20 फॉर्मेट में कप्तान बनाया गया है.
सितंबर में तीनों फॉर्मेट की सीरीज
BCCI ने गुरुवार 27 अगस्त को इंडिया ए और ऑस्ट्रेलिया ए के बीच महिला टी20, वनडे और टेस्ट सीरीज के लिए टीम का ऐलान किया. ये सीरीज सितंबर 2026 में खेली जाएगी, जिसमें 3 टी20 (मुल्लांपुर स्टेडियम), 3 वनडे (PCA स्टेडियम, मोहाली) और एक अनौपचारिक टेस्ट (धर्मशाला) खेले जाएंगे. इन तीनों ही फॉर्मेट के लिए BCCI की सीनियर विमेंस सेलेक्शन कमेटी ने टीम का ऐलान किया.
इसमें टेस्ट और वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया की विकेटकीपर-बल्लेबाज यस्तिका भाटिया को कप्तान बनाया गया है. भाटिया को तीनों फॉर्मेट में इंटरनेशनल क्रिकेट का अनुभव है लेकिन उन्हें टी20 सीरीज से आराम दिया गया है. इसलिए टी20 सीरीज के लिए अनुष्का शर्मा को कप्तान बनाया गया है, जो बाकी दोनों सीरीज में उप-कप्तान रहेंगी. अनुष्का शर्मा 23 साल की बैटिंग ऑलराउंडर हैं, जो मध्य प्रदेश के ग्वालियर से आती हैं.
कौन हैं अनुष्का शर्मा, कैसा है करियर?
घरेलू क्रिकेट में छोटी उम्र के टूर्नामेंट में मध्य प्रदेश की कप्तानी कर चुकीं अनुष्का शर्मा सीनियर लेवल पर भी अपनी छाप छोड़ चुकी हैं. यही कारण है कि पिछले विमेंस प्रीमियर लीग सीजन में उन्हें गुजरात जायंट्स ने खरीदा था, जबकि अन्य टीमें भी उन पर बोली लगा रही थीं. अपने पहले ही सीजन में अनुष्का ने 7 पारियों में 129 के दमदार स्ट्राइक रेट से 177 रन बनाए थे. इसके चलते ही उन्हें सीनियर भारतीय टीम में जगह मिली थी, जहां उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ डेब्यू किया और 3 मैच में 72 रन बनाए.
अनुष्का का इंटरनेशनल डेब्यू अच्छा नहीं रहा लेकिन इसके बावजूद उन्हें A टीम की कप्तानी दी गई है. ये दिखाने के लिए काफी है कि सेलेक्शन कमेटी उनमें काफी संभावनाएं देख रही है और इस सीरीज में दमदार प्रदर्शन से वो आने वाली सीनियर टीम सेलेक्शन में भी चुनी जा सकती हैं. सीरीज की बात करें तो 12, 15 और 17 सितंबर को टी20 मैच होंगे. फिर 20 सितंबर से वनडे सीरीज शुरू होगी, जिसके मुकाबले 23 और 25 सितंबर तक खेले जाएंगे. 29 सितंबर से 2 अक्टूबर के बीच टेस्ट मैच होगा.
सीरीज के लिए ऐसा है इंडिया ए विमेंस स्क्वाड
T20 स्क्वाड: अनुष्का शर्मा (कप्तान), सायली सतघरे (उपकप्तान), वृंदा दिनेश, सुजाता दे, तेजल हसबनीस, निक्की प्रसाद, शिप्रा गिरी (विकेटकीपर), श्वेता सेहरावत, उमा छेत्री (विकेटकीपर), तनुजा कंवर, मिन्नू मणि, वैष्णवी शर्मा, जिंतिमणि कलिता, शबनम शकील, सिमरन दिल बहादुर
वनडे स्क्वाड: यस्तिका भाटिया (कप्तान) (विकेटकीपर), अनुष्का शर्मा (उपकप्तान), वृंदा दिनेश, प्रिया पूनिया, तनिशा सिंह, तेजल हसबनीस, निक्की प्रसाद, उमा छेत्री (विकेटकीपर), मिन्नू मणि, अमनदीप कौर, वैष्णवी शर्मा, सायली सतघरे, जिंतिमणि कलिता, शबनम शकील, अक्षिता भगत
टेस्ट स्क्वाड: यस्तिका भाटिया (कप्तान) (विकेटकीपर), अनुष्का शर्मा (उपकप्तान), शुभा सतीश, प्रिया पूनिया, तनिशा सिंह, तेजल हसबनीस, निक्की प्रसाद, ममता मदीवाला (विकेटकीपर), सुश्री दिब्यदर्शिनी, शुचि उपाध्याय, वैष्णवी शर्मा, सायली सतघरे, जिंतिमणि कलिता, शबनम शकील, अक्षिता भगत


















