🇮🇳
मुरैना। माताबसैया, मिरघान, अलापुर से तीन लड़कियां एक ही रात में प्रेमियों संग घर से भाग गईं। परिवार के लोगों की शिकायत पर तीन थानों की पुलिस ने एक किशोरी व दो युवतियों के अगवा किए जाने के मामले दर्ज किए हैं। इधर खबरौली गांव से 52 साल की एक महिला भी घर से लापता हुई है। स्वजन का कहना है कि महिला पहले भी घर से बाहर जा चुकी है।
किशोरी बताकर दर्ज कराई शिकायत
जानकारी के मुताबिक, किशनपुर गांव से 3 सितंबर की रात 11 बजे 17 साल की किशोरी अपने प्रेमी के बहकावे में आकर घर से बाहर चली गई। परिवार के लोगों ने बेटी की उम्र आधार कार्ड दिखाकर 17 साल दर्ज करा दी। माताबसैया पुलिस ने संदेही के घर वालों पर सख्ती की तो लड़की अगले दिन वापस आ गई। तब पुलिस को पता चला कि लड़की तो वयस्क है। परिवार के लोगों ने लड़की को नाबालिग दर्शाने के लिए उसकी वास्तविक आयु को कम बता दिया था। पुलिस ने लड़की के कोर्ट में बयान करा रही है। उसके आधार पर अपहरण की धाराओं में इजाफा हो सकता है।

16 साल की किशोरी दोस्त राजू यादव के साथ चली गई
इधर, जौरा के अलापुर से 16 साल की एक किशोरी 3 सितंबर को रात 10 बजे घर से दोस्त के साथ कहीं चली गई। दोस्त राजू यादव ने शादी का झांसा देकर रातभर किशोरी को अपने घर पर रखा। बेटी के घर से लापता होने के बाद उसकी मां व भाई ने तलाश शुरू की तो लड़की, आरोपी राजू यादव पुत्र गिर्राज यादव निवासी मानपुर जौरा के घर से वापस अपने घर पहुंच गई। मिरघान गांव में रहने वाली साढ़े 18 साल की युवती तीन सितंबर को दोपहर 3 बजे अपने घर से मां को बिना बताए दोस्त के संग कहीं चली गई। मां ने इस संबंध में दो युवकों पर संदेह जाहिर किया है। पुलिस दोनों युवकों की लोकेशन ट्रेस कर रही है। दिमनी पुलिस की एक टीम युवती को दस्तयाब करने यूपी गई है।
मानसिक रूप से कमजोर महिला पहले भी छोड़ चुकी है घर
फिलहाल, स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के खबरौली गांव से 52 साल की महिला चमेली पत्नी जयसिंह कुशवाह एक सितंबर को घर छोड़कर कहीं चली गई है। पति ने पुलिस को बताया कि उसकी मानसिक रूप से कमजोर पत्नी इससे पूर्व भी घर छोड़कर कहीं चली गई थी, लेकिन बाद में घर वापस आ गई थी।


















