10 साल की निशानेबाज नायरा शर्मा ने रचा इतिहास, बनीं भारत की सबसे कम उम्र की नेशनल क्वालीफायर..पढ़ें पूरी ख़बर

🇮🇳

नई दिल्ली। दिल्ली की 10 साल तीन महीने की निशानेबाज नायरा शर्मा ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। नायरा ने 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए नेशनल चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया है।

इसके साथ ही वह नेशनल चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई करने वाली भारत की सबसे कम उम्र की निशानेबाज बन गई हैं।

नेशनल चैंपियनशिप में जगह पक्की

ज्ञात हो कि, नायरा ने हाल ही में भोपाल में आयोजित आल इंडिया इंटर स्कूल शूटिंग चैंपियनशिप में 400 में से 363 अंक हासिल किए। इसी प्रदर्शन के आधार पर उन्होंने नेशनल चैंपियनशिप में अपनी जगह पक्की की।

कुछ महीने पहले ही निशानेबाजी में रखा कदम

वहीं, नायरा दिल्ली स्थित टापगन शूटिंग अकादमी में प्रशिक्षण ले रही हैं। अब उनकी नजर साल के अंत में होने वाली नेशनल चैंपियनशिप पर है। खास बात यह है कि नायरा ने प्रतिस्पर्धी निशानेबाजी में कदम कुछ महीने पहले ही रखा है। उन्होंने जून में दिल्ली स्टेट चैंपियनशिप से अपने करियर की शुरुआत की थी।

दरअसल, इसके बाद जुलाई में देहरादून में आयोजित इंडिया ओपन में हिस्सा लिया। तीसरी ही प्रतियोगिता में उन्होंने 363 अंक का स्कोर हासिल कर राष्ट्रीय चैंपियनशिप का टिकट हासिल कर लिया।

फिलहाल, नायरा के पिता प्रशांत शर्मा ने कहा कि बेटी की इस उपलब्धि पर उन्हें गर्व है। यह सफलता नायरा की मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ टापगन शूटिंग अकादमी के मार्गदर्शन और सहयोग का परिणाम है।

Please Share With Your Friends Also

‘जन-जन तक संदेश’ ( Jan Jan Tak Sandesh) यह छत्तीसगढ़ का एक तेजी से बढ़ता हुआ हिंदी न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सिर्फ खबरें पहुँचाना नहीं, बल्कि समाज की आवाज़ बनना है।

Leave a Comment