दुकान, गाड़ी, घर के सामने क्यों टांगते हैं नींबू-मिर्च? जानिए क्या ये है अंधविश्वास या क्या कहता है विज्ञान

🇮🇳

Lemon Chilli: घर, दुकान या गाड़ी पर नींबू-मिर्च टांगना आपने भी जरूर देखा होगा. लेकिन क्या ये सिर्फ बुरी नजर से बचने का अंधविश्वास है या इसके पीछे कोई वैज्ञानिक वजह भी है? आइए जानते हैं.

Hanging Lemon and Chillies: अक्सर लोग अपने घर और दुकान को बुरी नजर से बचाने के लिए तमाम तरह के उपाय आजमाते हैं. वास्तु से लेकर ज्योतिष तक में कई उपाय बताए गए हैं, जिन्हें अपनाने से नजर दोष से बचाव होता है. इन्हीं में से एक है घर, दुकान या गाड़ी के मुख्य द्वार पर नींबू-मिर्च टांगना. आपने भी कई घरों, दुकानों और वाहनों पर नींबू-मिर्च लटके हुए देखे होंगे. इसे लेकर लोगों के बीच अलग-अलग मान्यताएं हैं.

अक्सर लोग नींबू-मिर्च टांगने की परंपरा को अंधविश्वास से जोड़ते हैं. हालांकि, इसके पीछे धार्मिक मान्यता के साथ-साथ कुछ वैज्ञानिक कारण भी बताए जाते हैं. माना जाता है कि नींबू और मिर्च का इस्तेमाल पुराने समय से ही बुरी नजर से बचाव के साथ-साथ कीट-पतंगों को दूर रखने के लिए किया जाता रहा है.

नींबू-मिर्च टांगने के वैज्ञानिक कारण

कीट-पतंगों से बचाव:- नींबू की खट्टी महक और मिर्च, जिसमें कैप्साइसिन होता है, की तीखी गंध से मक्खी, मच्छर और छोटे कीड़े-मकोड़े दूर रहते हैं. इसी वजह से इसे घर, दुकान या गाड़ी के आसपास कीट-पतंगों को दूर रखने के एक प्राकृतिक उपाय के तौर पर देखा जाता है.

हवा की शुद्धि:- जब नींबू और मिर्च को सूत के धागे में पिरोया जाता है, तो धागा नींबू का रस और अम्ल सोख लेता है. हवा के संपर्क में आने से इसकी हल्की खुशबू आसपास फैलती है. माना जाता है कि इससे आसपास का वातावरण शुद्ध रहता है.

प्राकृतिक कीटनाशक:- पुराने समय में नींबू-मिर्च को एक प्राकृतिक उपाय के तौर पर इस्तेमाल किया जाता था, ताकि जहरीले या रेंगने वाले जीव घर या दुकान के अंदर न आएं. ऐसे में इसे पूरी तरह सिर्फ अंधविश्वास से जोड़कर नहीं देखा जाता, बल्कि इसके पीछे व्यावहारिक कारण भी बताए जाते हैं.

नींबू-मिर्च को लेकर क्या हैं धार्मिक मान्यताएं?

नजर दोष से रक्षा:-मान्यता के अनुसार, नींबू-मिर्च बुरी नजर या नकारात्मक ऊर्जा से बचाने का काम करती है. ऐसा माना जाता है कि किसी की ईर्ष्या या बुरी नजर का असर नींबू-मिर्च पर पड़ता है और इससे घर या दुकान सुरक्षित रहती है.

अलक्ष्मी का निवारण:- पौराणिक मान्यताओं के मुताबिक, माता लक्ष्मी की बहन अलक्ष्मी को दरिद्रता का प्रतीक माना जाता है. कहा जाता है कि उन्हें खट्टी, तीखी और चटपटी चीजें पसंद हैं. मान्यता है कि वह दरवाजे पर ही नींबू-मिर्च खाकर संतुष्ट हो जाती हैं और घर या दुकान के अंदर प्रवेश किए बिना ही वापस लौट जाती हैं.

नींबू मिर्च किस दिन बांधना चाहिए?

मान्यताओं के अनुसार, घर या दुकान के मुख्य द्वार पर नींबू-मिर्च टांगने के लिए शनिवार या मंगलवार का दिन सबसे शुभ माना जाता है. इन दोनों दिनों को नकारात्मक ऊर्जा और बुरी नजर से बचाव के लिए खास माना जाता है. कई लोग शुक्रवार को नींबू-मिर्च खरीदकर शनिवार की सुबह इसे मुख्य द्वार पर लटकाते हैं.

कितने नींबू और मिर्च लगानी चाहिए?

दुकान या घर के मुख्य द्वार पर नजर दोष से बचने के लिए एक नींबू और 5 या 7 हरी मिर्च लगाने की मान्यता है. सामान्य तौर पर एक नींबू के साथ पांच या सात मिर्च धागे में पिरोकर बांधी जाती हैं. मान्यता के अनुसार, पूरे घर में कुल 3, 7 या 13 लटकन एक साथ नहीं होनी चाहिए.

कितने दिन में बदलनी चाहिए नींबू-मिर्च?

नींबू-मिर्च सूख जाने पर इसे हर हफ्ते या 7 से 10 दिन के भीतर बदल देना चाहिए. मान्यता के अनुसार, पुराने नींबू-मिर्च को शनिवार या मंगलवार के दिन ही उतारकर किसी सुनसान जगह पर रख देना चाहिए.

Disclaimer:
इस खबर में दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं और सामान्य जानकारियों पर आधारित है. janjantaksandesh.com इसकी पुष्टि नहीं करता है.

Please Share With Your Friends Also

‘जन-जन तक संदेश’ ( Jan Jan Tak Sandesh) यह छत्तीसगढ़ का एक तेजी से बढ़ता हुआ हिंदी न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सिर्फ खबरें पहुँचाना नहीं, बल्कि समाज की आवाज़ बनना है।

Leave a Comment