एकलव्य विद्यालय में 2 साल से छात्राओं से छेड़छाड़..शिकायत करने पर प्रिंसिपल ने धमकाया..मामला दबाने का आरोप

🇮🇳

Chhattisgarh News/बीजापुर। जिले के रुद्रारम स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय से एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां कंप्यूटर शिक्षक देवेंद्र दहिया पर बच्चों के साथ कथित तौर पर अनुचित व्यवहार और परेशान करने के आरोप लगे हैं। इस मामले को लेकर कुछ बच्चे और उनके पालक कलेक्टर और एसपी के पास शिकायत लेकर पहुंचे हैं और जांच कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

साल 2024 से चल रहा था मामला

ज्ञात हो कि, पालकों और बच्चों की ओर से दी गई शिकायत के अनुसार, शिक्षक पर लंबे समय से बच्चों के साथ अनुचित व्यवहार करने के आरोप हैं। शिकायत में कहा गया है कि यह मामला वर्ष 2024 से लगातार चल रहा है। करीब दो साल की अवधि में बच्चों के साथ कथित तौर पर अनुचित व्यवहार किए जाने का दावा किया गया है।

वहीं, बच्चों का कहना है कि जब भी वे इस संबंध में शिकायत करने की बात करते थे तो उन्हें कथित तौर पर डराया-धमकाया जाता था। इसी वजह से बच्चे काफी समय तक खुलकर सामने नहीं आ सके।

पालकों को बताईं आपबीती, फिर हुई शिकायत

दरअसल, कुछ दिन पहले बच्चों ने हिम्मत जुटाकर अपने माता-पिता को पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद पालकों ने आपस में चर्चा की और मामले को प्रशासन के सामने लाने का फैसला किया। फिलहाल सात बच्चों की ओर से शिकायत किए जाने की बात सामने आई है। शिकायत पत्र के साथ बच्चों और पालकों के हस्ताक्षर भी लगाए गए हैं। पालकों का कहना है कि बच्चों के सामने आने के बाद अब मामले की गंभीरता से जांच होना जरूरी है, ताकि हकीकत सामने आ सके और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई हो।

प्राचार्य पर मामला दबाने का आरोप

फिलहाल, पालकों ने शिकायत में विद्यालय प्रबंधन की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि बच्चों ने जब इस मामले की जानकारी प्राचार्य को दी थी, तब इसे गंभीरता से लेने के बजाय दबाने का प्रयास किया गया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि बच्चों को आश्रम से निकालने तक की बात कही गई थी। पालकों का कहना है कि आवासीय विद्यालय में रहने वाले बच्चों की सुरक्षा और उनके साथ होने वाले व्यवहार की पूरी जिम्मेदारी विद्यालय प्रबंधन की होती है। ऐसे में यदि बच्चों की शिकायत पहले ही सामने आ गई थी तो तत्काल जांच कराई जानी चाहिए थी।

Please Share With Your Friends Also

‘जन-जन तक संदेश’ ( Jan Jan Tak Sandesh) यह छत्तीसगढ़ का एक तेजी से बढ़ता हुआ हिंदी न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सिर्फ खबरें पहुँचाना नहीं, बल्कि समाज की आवाज़ बनना है।

Leave a Comment