सड़क किनारे सब्जी व्यापारियों को हटाने पहुंची निगम..निगम के अधिकारी-कर्मचारी और व्यापारी आमने-सामने..कार्रवाई के दौरान जमकर हुआ हंगामा..पढ़ें पूरी ख़बर

🇮🇳

Chhattisgarh News/रायपुर. नगर निगम रायपुर क्षेत्र के भाठागांव बाजार के पास सड़क किनारे सब्जी बेचने वाले व्यापारियों और निगम टीम के बीच लगातार विवाद की स्थिति बन रही है. अतिक्रमण और अव्यवस्थित बाजार व्यवस्था के खिलाफ निगम की कार्रवाई का भारी विरोध किया जा रहा है. बुधवार सुबह भी निगम के अधिकारी-कर्मचारी और व्यापारी आमने-सामने आ गए. भारी विरोध के दौरान गाली-गलौज और मारपीट का आरोप है. निगम अधिकारी-कर्मचारियों को चोटें आई हैं. साथ ही शासकीय कार्य में भी बाधा पहुंची. घटना के बाद निगम के राजस्व विभाग के अधिकारी की ओर से पुरानी बस्ती थाने में लिखित शिकायत दी गई. इसके आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है.

अतिक्रमण हटाने के दौरान मारपीट का आरोप

ज्ञात हो कि, घटना के बाद इलाके में गहमा-गहमी देखने को मिली, जिसके चलते मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है. व्यापारियों का आरोप है कि बाजार हटाने पहुंची निगम की टीम ने उनके साथ मारपीट और धक्कामुक्की की. उन्होंने निगम कर्मचारियों से कहा कि थोड़ा धैर्य रखें, वे खुद अपना सामान हटा रहे हैं. लेकिन निगम की टीम सामान हटाने को लेकर अड़ी रही और इसी दौरान उनके साथ धक्कामुक्की और मारपीट हुई.

वहीं जानकारी के मुताबिक, सड़क किनारे दुकान हटाने की कार्रवाई में गुंजा सोनकर, छवीलाल सोनकर, वासु सोनकर समेत अन्य लोगों ने विरोध शुरू किया. इस दौरान गाली-गलौज और मारपीट की गई. हमले में निगम टीम के अधिकारी-कर्मचारियों घायल हुए हैं. हालांकि व्यापारियों का कहना है कि उन्होंने किसी सरकारी कर्मचारी के मारपीट नहीं की है.

रोजी-रोटी की जंग, बाजार पर निर्भर

दरअसल, सब्जी व्यापारियों का कहना है कि रोजी-रोटी के लिए वह भाठागांव बाजार पर निर्भर हैं. वह कई सालों से यहां सब्जी बेचने के लिए आते हैं. सुबह करीब 3 बजे से बाजार लगाने के लिए पहुंचते हैं. अगर उन्हें यहां से हटाया जाता है, तो वे आखिर कहां जाएं?


फिलहाल, नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शहर में अतिक्रमण हटाने और सार्वजनिक स्थलों को व्यवस्थित करने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी. शासकीय कार्य में बाधा डालने वालों के लिए नियमानुसार एक्शन लिया जाएगा. नागरिकों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पर सहयोग करने की अपील की है.

Please Share With Your Friends Also

‘जन-जन तक संदेश’ ( Jan Jan Tak Sandesh) यह छत्तीसगढ़ का एक तेजी से बढ़ता हुआ हिंदी न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सिर्फ खबरें पहुँचाना नहीं, बल्कि समाज की आवाज़ बनना है।

Leave a Comment