🏏
India vs Afghanistan Called off: जापान के आइची नगोया में चल रहे एशियन गेम्स के मेंस क्रिकेट में टीम इंडिया को सेमीफाइनल का टिकट मिल गया है. भारत और अफगानिस्तान का मैच रद्द हो गया.
टीम इंडिया ने सेमीफाइनल का टिकट कटा लिया है. जापान के आइची नगोया में चल रहे एशियन गेम्स के मेंस क्रिकेट में भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाला दूसरा क्वार्टर फाइनल मुकाबला रद्द हो गया. मैच के रद्द होते ही टीम इंडिया को सेमीफाइनल खेलने का लाइसेंस मिल गया. पाकिस्तान के बाद सेमीफाइनल में जगह बनाने वाली भारत दूसरी टीम है.
भारत-अफगानिस्तान मैच क्यों हुआ रद्द?
अब सवाल है कि मैच रद्द हुआ क्यों? भारत और अफगानिस्तान के बीच क्वार्टर फाइनल मुकाबले को रद्द करने का फैसला बारिश की वजह से नहीं बल्कि उसके चलते हुए गीले आउटफील्ड के चलते लिया गया. भारत-अफगानिस्तान का मैच जब रद्द किया गया, तब बारिश रुकी थी. मगर मैदान का बाहरी एरिया इतना गीला था कि मैच करा पाना मुश्किल था. ऐसे में उसे रद्द करने का फैसला लिया गया.
भारत-अफगानिस्तान मैच का नतीजा?
भारत-अफगानिस्तान क्वार्टर फाइनल मैच रद्द होने के बाद उसका नतीजा कैसे निकला? क्यों टीम इंडिया को ही सेमीफाइनल का टिकट दिया गया? इसके पीछे की वजह रही भारत और अफगानिस्तान की ICC T20I रैंकिंग. टीम इंडिया ICC की मौजूदा T20I रैंकिंग में अफगानिस्तान से काफी आगे है. टीम इंडिया रैंकिंग में जहां पहले स्थान पर है. वहीं अफगानिस्तान 10वें नंबर पर है. मतलब दोनों का कोई मुकाबला नहीं है. यही वजह है कि टीम इंडिया को सेमीफाइनल का टिकट मिला और अफगानिस्तान की टीम को घर वापसी का.
भारत से पहले पाकिस्तान का मुकाबला भी रद्द
भारत से पहले पाकिस्तान की टीम का क्वार्टर फाइनल भी हॉन्ग कॉन्ग के साथ रद्द हो गया था. पाकिस्तान-हॉन्ग-कॉन्ग का मुकाबला बारिश के चलते रद्द हुआ, जहां बेहतर रैंकिंग का फायदा पाकिस्तान को मिला और उसे सेमीफाइनल का टिकट मिला.
ऐसे ही चलता रहा तो क्रिकेट का रोमांच कहां दिखेगा?
जापान के आइची नगोया में बारिश के आसार आगे भी बने हैं. ऐसे में बड़ा सवाल ये है कि क्या सेमीफाइनल और फाइनल हो पाएंगे? क्या फैंस को कुछ क्रिकेट का तड़का देखने को मिलेगा या फिर ऐसे ही बारिश और गीले आउटफील्ड ही आगे भी मैच का फैसला करेंगे?सवाल उन टीमों के हित से भी जुड़ा है जो बिना मुकाबला खेले ही सिर्फ लोअर रैंकिंग के आधार पर बाहर हो रही हैं?


















