🇮🇳
Dhanteras 2026: धनतेरस का त्योहार खरीदारी, सुख-समृद्धि और धन-वैभव से जुड़ा माना जाता है. इस दिन सोना-चांदी, बर्तन और नए सामान खरीदने की परंपरा है. हालांकि, धनतेरस पर राहुकाल का भी विशेष ध्यान रखना चाहिए.
Dhanteras Rahu Kaal Time 2026: हिंदू धर्म में धनतेरस का पर्व बेहद शुभ और खास माना जाता है. हर साल कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि को धनतेरस मनाया जाता है. इस दिन भगवान धन्वंतरि, माता लक्ष्मी और कुबेर देव की पूजा-अर्चना की जाती है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, समुद्र मंथन के दौरान इसी दिन भगवान धन्वंतरि अमृत कलश लेकर प्रकट हुए थे. यही वजह है कि धनतेरस को धन, आरोग्य और सुख-समृद्धि का प्रतीक माना जाता है. इस दिन लोग सोना-चांदी, बर्तन, वाहन और घर के लिए नई चीजें खरीदते हैं. साथ ही शाम को घर के बाहर यम दीपक जलाने की भी परंपरा है.
इस साल धनतेरस का पर्व शुक्रवार, 6 नवंबर 2026 को मनाया जाएगा. इस दिन खरीदारी के साथ-साथ पूजा-पाठ के लिए भी कई शुभ मुहूर्त रहेंगे. हालांकि, ज्योतिष शास्त्र में राहुकाल को अशुभ समय माना गया है. ऐसे में धनतेरस जैसे शुभ दिन पर भी राहुकाल का विशेष ध्यान रखना जरूरी है. मान्यता है कि इस दौरान नए और मांगलिक कार्यों की शुरुआत करने से बचना चाहिए. अगर आप भी इस दिन सोना-चांदी या कोई नया सामान खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो पहले राहुकाल की टाइमिंग जरूर नोट कर लें.
धनतेरस पर राहुकाल कब से कब तक है?
नई दिल्ली के टाइम के मुताबिक, 6 नवंबर 2026 को धनतेरस के दिन राहुकाल सुबह 10:42 बजे से दोपहर 12:04 बजे तक रहेगा. यानी करीब 1 घंटे 22 मिनट तक राहुकाल का समय रहेगा. ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार, इस दौरान किसी भी नए या शुभ कार्य की शुरुआत करने से बचना चाहिए. माना जाता है कि राहुकाल में शुरू किए गए कामों में बाधाएं या देरी आ सकती है. इसलिए इस दौरान कुछ खास काम बिल्कुल नहीं करने चाहिए.
नया कारोबार शुरू न करें: राहुकाल में किसी नए व्यापार की शुरुआत, दुकान खोलने या नए ऑफिस का उद्घाटन करने से बचना चाहिए. मान्यता है कि इस दौरान शुरू किए गए कामों में रुकावटें आ सकती हैं.
मांगलिक कार्यों से बचें: इस समय विवाह, सगाई, गृह प्रवेश, मुंडन, नामकरण और यज्ञ-हवन जैसे शुभ कार्यों की शुरुआत नहीं करनी चाहिए.
नई यात्रा शुरू न करें: किसी महत्वपूर्ण या नई यात्रा की शुरुआत राहुकाल में करने से बचना चाहिए. खासतौर पर शुभ उद्देश्य से की जाने वाली यात्रा के लिए दूसरा समय चुनें.
सोना-चांदी और महंगी चीजें न खरीदें: राहुकाल के दौरान सोना-चांदी, वाहन, मकान, मोबाइल, टीवी और अन्य कीमती सामान की खरीदारी करने से बचने की परंपरा है.
पैसों का लेन-देन न करें: इस समय किसी को बड़ा उधार देने, लेने या महत्वपूर्ण आर्थिक समझौते करने से बचना चाहिए. इसके अलावा एग्रीमेंट और जरूरी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने से भी परहेज करें.
करियर से जुड़े बड़े फैसले न लें: नौकरी का इंटरव्यू, कॉलेज में एडमिशन या करियर से जुड़ा कोई महत्वपूर्ण फैसला लेने के लिए राहुकाल का समय उचित नहीं माना जाता.
धनतेरस पर खरीदारी के लिए शुभ चौघड़िया मुहूर्त
धनतेरस के दिन सोना-चांदी, बर्तन और अन्य नई चीजें खरीदने के लिए शुभ चौघड़िया मुहूर्त का विशेष महत्व माना जाता है. अगर आप भी इस दिन खरीदारी करने का प्लान बना रहे हैं, तो नई दिल्ली के अनुसार ये शुभ समय देख सकते हैं.
धनतेरस 2026 चौघड़िया मुहूर्त समय
अमृत चौघड़िया सुबह 10:31 से 10:42 बजे तक
शुभ चौघड़िया दोपहर 12:04 से 1:26 बजे तक
चर चौघड़िया शाम 4:10 से 5:32 बजे तक
लाभ चौघड़िया रात 8:48 से 10:26 बजे तक
धनतेरस 2026 पूजा शुभ मुहूर्त
धनतेरस पूजा मुहूर्त: शाम 6:02 बजे से 7:57 बजे तक
प्रदोष काल: शाम 5:32 बजे से रात 8:09 बजे तक
वृषभ काल (स्थिर लग्न): शाम 6:02 बजे से 7:57 बजे तक
यम दीपदान का समय: शाम 5:32 बजे से 6:51 बजे तक
Disclaimer:
इस खबर में दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं और सामान्य जानकारियों पर आधारित है. janjantaksandesh.com इसकी पुष्टि नहीं करता है.


















