🇮🇳
Varanasi News/वाराणसी। एमएलसी चुनाव के नतीजे आने के बाद जश्न का माहौल रहा।
यूपी की 11 एमएलसी सीटों के नतीजे आ गए हैं। भाजपा ने 4 शिक्षक और 2 स्नातक, यानी कुल 6 सीटें जीती हैं। वहीं, सपा ने 2 शिक्षक और 3 स्नातक सीटों पर जीत हासिल की है। इस तरह भाजपा को 6 और सपा को 5 सीटें मिली हैं। सपा को 2 सीटों का फायदा हुआ है।
पहले 11 सीटों में से 6 भाजपा, 3 सपा, 1 शिक्षक दल और 1 निर्दलीय के पास थी। इस बार शिक्षक दल को एक भी सीट नहीं मिली।
वहीं काशी में भाजपा को शिक्षक और स्नातक, दोनों सीटों पर फिर हार का सामना करना पड़ा है। यहां स्नातक सीट पर 50 घंटे से अधिक समय तक मतगणना चली। मतगणना केंद्र पर बुधवार देर शाम शुरू हुआ हंगामा रातभर जारी रहा।

दरअसल भाजपा प्रत्याशी केदारनाथ सिंह धरने पर बैठ गए। उन्होंने काशी के ऑब्जर्वर प्रांजल यादव पर धांधली कराने का आरोप लगाया और उन्हें हटाने की मांग की। इसके बाद 500 से ज्यादा सपा कार्यकर्ता मतगणना केंद्र पहुंच गए। अखिलेश यादव भी रातभर फोन पर हर राउंड की जानकारी लेते रहे। आखिरकार, गुरुवार सुबह भाजपा प्रत्याशी केदारनाथ सिंह ने अपनी हार स्वीकार कर ली। यहां सपा के आशुतोष सिन्हा को 50529 वोट मिले जबकि भाजपा के केदारनाथ सिंह को 33530 वोट मिले हैं।
फिलहाल 23 अक्टूबर को प्रदेश की 5 स्नातक और 6 शिक्षक एमएलसी सीटों के लिए मतदान हुआ था। चुनाव में कुल 152 प्रत्याशी मैदान में थे। मतगणना 27 अक्टूबर को सुबह 8 बजे शुरू हुई थी। दोनों चुनावों में करीब 14.81 लाख मतदाता थे, जिनमें से 8.18 लाख यानी 55% ने मतदान किया।


















