🇮🇳
छपरा। बिहार में इंस्टाग्राम वाले फ्रेंड ने एक बार फिर भरोसे का कत्ल किया और नाबालिग लड़की को अपनी हवस का शिकार बनाया। घर की छत पर इस घिनौने कांड को अंजाम देकर हैवान भाग गया था। मामला छपरा का है। शहर के टाउन थाना क्षेत्र में एक नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म का बुधवार को मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित शहर के सलेमपुर मोहल्ले का रहने वाला बताया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।
वहीं दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, पीड़िता और आरोपित के बीच करीब तीन माह पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से दोस्ती हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत होने लगी। आरोप है कि युवक पीड़िता से मिलने उसके घर की छत पर पहुंचा, जहां उसने उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़िता की ओर से टाउन थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
सदर अस्पताल में पीड़िता की मेडिकल जांच
दरअसल पुलिस ने पीड़िता को चिकित्सकीय जांच के लिए सदर अस्पताल भेजा जहां उसकी मेडिकल जांच कराई गई। वहीं, घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से कई नमूने एकत्र किए और उन्हें जब्त कर लिया। इन नमूनों की जांच से मामले की छानबीन में मदद मिलने की उम्मीद है। इस कांड की अनुसंधानकर्ता सब इंस्पेक्टर अर्चना कुमारी हैं। वह मामले से जुड़े तथ्यों, प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही हैं। पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटी है। नाबालिग से जुड़े मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पीड़िता की पहचान गोपनीय रखी गई है।
प्रेमी के जेल जाने से आहत किशोरी ने की आत्महत्या
फिलहाल इधर मढौरा थाना क्षेत्र के एक गांव में प्रेमी के जेल जाने से आहत एक किशोरी ने गले में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद घर में मातम पसरा है। पुलिस के अनुसार, किशोरी के अपहरण के मामले में उसके प्रेमी को जेल भेजा गया था। प्रेमी के जेल जाने से आहत होकर किशोरी ने यह कदम उठाया।


















