👇
कुनकुरी/जशपुरनगर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में आदिवासी जनप्रतिनिधि के कथित अपमान और नगर पंचायत सीएमओ के तानाशाही रवैये के विरोध में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रस्तावित कार्यक्रम का विरोध करने की तैयारी कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। कार्रवाई कन्या शाला चौक के पास की गई, जहां कार्यकर्ता शांतिपूर्ण प्रदर्शन की तैयारी में जुटे थे।
ज्ञात हो कि, पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए नेताओं में पूर्व जिला अध्यक्ष मनोज सागर यादव, जिला महामंत्री महेश त्रिपाठी, राकेश देवांगन, दीपक केरकेट्टा, प्रताप सिंह, हरीश पारीक, मोनू अग्रवाल, सरवर अली, अयूब खान, इमरान खान, अविनाश खलखो, आशीष महापात्रे, राहुल नायक सहित लगभग एक दर्जनों कार्यकर्ता शामिल हैं।
वहीं जानकारी के अनुसार एक दिन पूर्व नगर पंचायत सीएमओ द्वारा उपाध्यक्ष दीपक केरकेट्टा के चैंबर को हटाया गया था। इस कदम को लेकर विवाद उत्पन्न हुआ। बाद में तहसीलदार के हस्तक्षेप के बाद चैंबर को पुनः बहाल कर दिया गया। हालांकि कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि यह कार्रवाई आदिवासी जनप्रतिनिधि के अपमान के रूप में की गई।
दरअसल, कांग्रेस नेताओं का कहना है कि सीएमओ का रवैया तानाशाहीपूर्ण है और आदिवासी जनप्रतिनिधियों के सम्मान को ठेस पहुंचाई जा रही है। पार्टी का आरोप है कि शांतिपूर्ण विरोध के अधिकार को भी दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल, कांग्रेस ने पुलिस कार्रवाई की निंदा करते हुए कहा है कि लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि आदिवासी जनप्रतिनिधियों का सम्मान और न्याय सुनिश्चित नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।










