🏏
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। टी20 विश्व कप 2026 में पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान बल्ले से आग उगल रहे हैं। वह टूर्नामेंट में इस समय सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। श्रीलंका के खिलाफ सुपर-8 के आखिरी मैच में साहिबजादा फरहान ने खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। इतना ही नहीं उन्होंने विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया है।
सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बैटर बने
मुकाबले में 37 रन बनाते ही वह टी20 विश्व कप के एक संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने विराट कोहली का 12 साल पुराना रिकॉड तोड़ दिया है। कोहली ने टी20 विश्व कप 2014 में 319 रन बनाए थे। आज से पहले तक खेले 5 मैच में फरहान ने 283 रन बनाए थे। इस दौरान उनकी औसत 70.75 की और स्ट्राइक रेट 158.10 की रही थी।
टी20 विश्व कप के एक संस्करण में सबसे ज्यादा रन
साहिबजादा फरहान: 320*- साल 2026
विराट कोहली: 319 रन- साल 2014
तिलकरत्ने दिलशान: 317- साल 2009
बाबर आजम: 303- साल 2021
महेला जयवर्धने: 302- साल 2010
विराट कोहली: 296- साल 2023
फरहान ने 32 गेंदों पर अर्धशतक लगाया। इसके साथ ही वह खास लिस्ट में शामिल हो गए हैं। टी20 विश्व कप 2026 में यह उनका चौथा 50 से ज्यादा स्कोर है।
टी20 विश्व कप के किसी संस्करण में सबसे ज्यादा 50+ रन
4 बार- मैथ्यू हेडन (2007)
4 बार- विराट कोहली (2014)
4 बार- बाबर आजम (2021)
4 बार- विराट कोहली (2022)
4 बार- साहिबजादा फरहान (2026)*
टूर्नामेंट में फरहान का प्रदर्शन
टी20 विश्व कप 2026 में साहिबजादा फरहान ने कमाल का प्रदर्शन किया है। हालांकि, भारत के खिलाफ उनका खाता नहीं खुला था। अन्य मुकाबलों में उन्होंन बेहतरीन बल्लेबाजी की है। नीदरलैंड के खिलाफ फरहान ने 31 गेंदों पर 47 रन की पारी खेली थी। इसके बाद उन्होंने अमेरिका के खिलाफ 41 गेंदों पर 73 रन कूट दिए थे। अपनी इस पारी में उन्होंने 6 चौके और 5 छक्के लगाए थे।
नामीबिया के खिलाफ आखिरी ग्रुप मैच में उन्होंने शतक जड़ दिया था। फरहान ने 58 गेंदों पर नाबाद 100 रन बनाए थे। पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच सुपर-8 का पहला मैच बारिश में धुल गया था। इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे मैच में पाकिस्तान के इस सलामी बल्लेबाज ने अर्धशतक (63) लगाया था।










