AUS W vs IND W 3rd ODI : एलिसा हीली और बेथ मूनी के तूफान में उड़ी टीम इंडिया..भारत को दी ‘शर्मनाक’ हार

🏏

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। IND W vs AUS W 3rd ODI Highlights: पहले दो मैचों में बुरी तरह हारने के बाद बैकफुट पर खड़ी मौजूदा विश्व चैंपियन भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे और आखिरी वनडे मैच में भी हार का सामना करना पड़ा।

तीसरे वनडे मैच में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने भारत को 185 रन से मात दी और तीन मैचों की वनडे सीरीज में भारत का सूपड़ा साफ किया।

एलिसा हीली और बेथ मूनी के तूफान में उड़ी टीम इंडिया

दरअसल, ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम की कप्तान एलिसा हीली ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया था। पहले बैटिंग करते हुए कंगारू टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 409 रन बनाए। एलिसा हीली, जो कि अपना आखिरी वनडे मैच खेलने उतरी थीं, उन्होंने 98 गेंद पर 158 रन की पारी खेली और अपने वनडे करियर का अंत खास तरीके से किया।

उनके अलावा बेथ मूनी ने 84 गेंद पर नाबाद 106 रन की पारी खेली। वहीं, जॉर्जिया वोल ने 52 गेंद पर 62 रन बनाए। एन्नाबेल सदरलैंड ने 23 रन की पारी खेली। निकोला कैरी ने नाबाद 34 रन बनाए। इस तरह कंगारू टीम ने 50 ओवर में 409 रन का स्कोर खड़ा किया।

भारतीय महिला टीम के गेंदबाजों की ओर से नल्लापुरेड्डी चराणी और स्नेह राणा को 2-2 सफलता मिली, जबकि रेणुका, काशवी और दीप्ति शर्मा को 1-1 सफलता मिली।

भारतीय टीम की ओर से कोई भी नहीं अर्धशतक
410 रन का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही। ओपनर स्मृति मंधाना 4 गेंद का सामना करने के बावजूद खाता तक नहीं खोल पाईं। प्रतीका रावल ने 27 रन बनाए। जेमिमा रोड्रिग्स के बल्ले से 29 गेंद पर 42 रन बने, जबकि कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 33 गेंद पर 25 रन की पारी खेली।

हरलीन देओल ने 14 रन बनाए, जबकि दीप्ति शर्मा ने 29 रन की पारी खेली। विकेटकीपर बैटर ऋचा ने 18 रन बनाए। वहीं, स्नेह राणा ने 74 गेंद पर 44 रन की पारी खेली और एक पल तक टीम की तरफ से अकेले लड़ी। इस तरह भारतीय टीम 45.1 ओवर में 224 रन पर सिमट गई और कंगारू टीम ने ये मैच 185 रन से अपने नाम किया। बता दें कि यह लगातार 12वां मौका रहा जबकि भारतीय महिला टीम ने ऑस्ट्रेलिया से वनडे सीरीज गंवाई।

Please Share With Your Friends Also

‘जन-जन तक संदेश’ ( Jan Jan Tak Sandesh) यह छत्तीसगढ़ का एक तेजी से बढ़ता हुआ हिंदी न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सिर्फ खबरें पहुँचाना नहीं, बल्कि समाज की आवाज़ बनना है।

Leave a Comment