👇
Precautions To Avoid Seasonal Infections In Holi: होली का त्योहार रंगों, खुशियों और मेल-मिलाप का उत्सव है. लेकिन यह समय मौसम बदलने का भी होता है. ठंड धीरे-धीरे खत्म होती है और गर्मी की शुरुआत होने लगती है. इस बदलाव का असर हमारे शरीर पर साफ दिखाई देता है. डॉक्टरों का कहना है कि इस समय सर्दी, खांसी, गला खराब होना, फ्लू और वायरल संक्रमण के मामले बढ़ जाते हैं. इसलिए रंग खेलने के साथ सेहत का ध्यान रखना भी जरूरी है.
इम्यूनिटी को बनाएं रखें मजबूत
मौसम बदलते समय शरीर की रोग-प्रतिरोधक क्षमता थोड़ी कमजोर हो सकती है. ऐसे में इम्यूनिटी मजबूत रखना बहुत जरूरी है. रोज ताजे फल और हरी सब्जियां खाएं. संतरा, नींबू और आंवला जैसे विटामिन C वाले फल शरीर को ताकत देते हैं. हल्दी वाला दूध, अदरक की चाय और तुलसी का काढ़ा भी फायदेमंद हो सकता है. त्योहार के दिन बहुत ज्यादा ठंडी चीजें और आइसक्रीम खाने से बचें, क्योंकि इससे गला जल्दी खराब हो सकता है.
होली में लोग एक दूसरे के घर जाते हैं, गले मिलते हैं और साथ में खाना खाते हैं. ऐसे में संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ जाता है. हाथों को बार-बार साबुन से धोना चाहिए. बाहर से आने के बाद चेहरा और हाथ अच्छी तरह साफ करें. अगर किसी को पहले से सर्दी या खांसी है, तो थोड़ी दूरी बनाए रखना समझदारी है.
हर्बल रंगों का करें इस्तेमाल
छोटे बच्चे, बुजुर्ग और जिन लोगों को अस्थमा, एलर्जी या डायबिटीज जैसी पुरानी बीमारी है, उन्हें खास सावधानी रखनी चाहिए. तेज धूल और केमिकल वाले रंग सांस की दिक्कत बढ़ा सकते हैं. कोशिश करें कि हर्बल या प्राकृतिक रंगों का इस्तेमाल करें. आंखों और मुंह की सुरक्षा भी जरूरी है.
एक और जरूरी बात है शरीर को हाइड्रेट रखना. होली में भागदौड़ ज्यादा होती है और शरीर जल्दी थक सकता है. पर्याप्त पानी, नारियल पानी या छाछ पीते रहें. ज्यादा तला-भुना और मीठा खाने से बचें, क्योंकि इससे पाचन बिगड़ सकता है.










