Breaking News : ‘पंजाब को PM मोदी और भाजपा ही मादक पदार्थों से मुक्त कर सकते हैं’ : गृहमंत्री अमित शाह

👇

मोगा/पंजाब। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शनिवार को पंजाब के लोगों से 2027 के विधानसभा चुनावों में भाजपा (BJP) को सत्ता में लाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा ही राज्य को मादक पदार्थों से मुक्त कर सकते हैं। शाह ने कहा कि आज पंजाब कर्ज, मादक पदार्थों, धर्मांतरण, भ्रष्टाचार और गैंगस्टरों के आतंक के कारण बर्बाद हो गया है। मंत्री शाह ने यहां किल्ली चहलां गांव में “बदलाव” रैली को संबोधित करते हुए कहा कि पंजाब ने कांग्रेस, अकालियों और ‘आप’ को कई मौके दिए हैं और अब भाजपा को भी मौका देना चाहिए। उन्होंने कहा, “हम पंजाब में बदलाव लाएंगे।” शाह ने आरोप लगाया कि भगवंत मान सरकार भ्रष्टाचार में डूबी है और पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल के लिए “एटीएम” बन गई है।


दरअसल, मंत्री शाह ने कहा कि विधानसभा चुनाव 2027 में होने वाले हैं और भाजपा ने मोगा से एक तरह से अपना चुनाव प्रचार अभियान शुरू कर दिया है। केंद्रीय मंत्री ने अपनी पार्टी के लिए समर्थन मांगते हुए कहा कि, “मैं पंजाब के लोगों से अपील करने आया हूं। भाजपा पहले पंजाब में अकालियों के जूनियर पार्टनर के तौर पर सरकार का हिस्सा थी। जब भी हम आपके सामने आए, हम छोटे भाई की भूमिका में आए।” उन्होंने कहा कि भाजपा अब अपनी सरकार बनाने के लिए जी जान लड़ाने जा रही है। शाह ने कहा, “मैं पंजाब की माताओं, बहनों और बुजुर्गों समेत सभी से आशीर्वाद लेने आया हूं। हमें अपना आशीर्वाद दें।



फिलहाल, राज्य को मादक पदार्थों की समस्या से अगर कोई छुटकारा दिला सकता है तो वह सिर्फ नरेन्द्र मोदी और भाजपा हैं।” उन्होंने कहा, “हमने जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 खत्म किया। आज नक्सलवाद खत्म होने की कगार पर है। अगर पंजाब को मादक पदार्थों की समस्या से छुटकारा दिलाना है, तो उसे भाजपा की डबल इंजन वाली सरकार की जरूरत है।” शाह ने कहा, “आज पंजाब कर्ज, मादक पदार्थों की समस्या, धर्म परिवर्तन, भ्रष्टाचार और गैंगस्टरों के आतंक के कारण बर्बाद हो गया है, राज्य के उद्योग कहीं और जा रहे हैं।” उन्होंने कहा कि पंजाब को बेरोजगारी से छुटकारा दिलाने में मदद के लिए कांग्रेस, अकाली दल और ‘आप’ को कई मौके दिए गए। शाह की रैली के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। मोगा पंजाब के राजनीतिक रूप से अहम मालवा इलाके में आता है, जहां राज्य की 117 विधानसभा सीटों में से 69 सीटें हैं।

Please Share With Your Friends Also

‘जन-जन तक संदेश’ ( Jan Jan Tak Sandesh) यह छत्तीसगढ़ का एक तेजी से बढ़ता हुआ हिंदी न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सिर्फ खबरें पहुँचाना नहीं, बल्कि समाज की आवाज़ बनना है।

Leave a Comment