Health Tips : ब्रेकअप के बाद मूव ऑन करना लग रहा है मुश्किल? खुद को हील करने में मदद करेंगे ये 5 टिप्स

👇

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। ब्रेकअप किसी के लिए भी काफी मुश्किल समय होता है। किसी ऐसे व्यक्ति से अलग होना, जिसके साथ आपने भविष्य के सपने देखे थे, मानसिक और भावनात्मक रूप से आपको झकझोर कर रख देता है। ऐसे में अक्सर व्यक्ति खुद को काफी थका और हारा हुआ महसूस करता है।

लेकिन ब्रेकअप से मूव ऑन करके नई शुरुआत की ओर ध्यान देना बेहद जरूरी है। इस दौरान खुद को हील करने के लिए सेल्फ-लव और धैर्य की काफी जरूरत होती है। आइए जानें 5 ऐसे टिप्स, जो ब्रेकअप के बाद खुद को हील करने में आपकी काफी मदद कर सकते हैं।

अपनी भावनाओं को स्वीकार करें

अक्सर लोग ब्रेकअप के बाद खुद को मजबूत दिखाने की कोशिश करते हैं और अपने दुख को दबा देते हैं। ऐसा करना हीलिंग प्रोसेस को और लंबा बना देता है। इसलिए अपनी भावनाओं को अपनाएं। अगर आपको दुख हो रहा है या गुस्सा आ रहा है, तो उसे महसूस करें। भावनाओं को बाहर निकलने दें। अपने मन की कड़वाहट और दुख को एक डायरी में लिखें। जब आप अपनी तकलीफ कागज पर उतार देते हैं, तो दिमाग का बोझ हल्का हो जाता है।

नो कॉन्टैक्ट रूल फॉलो करें

ब्रेकअप के तुरंत बाद दोस्ती बनाए रखने की कोशिश करना या पार्टनर के सोशल मीडिया को चेक करते रहना घाव को बार-बार कुरेदने जैसा है। इसलिए उनके सोशल मीडिया प्रोफाइल को अनफॉलो या म्यूट कर दें। पुरानी चैट्स और फोटो को आर्काइव करें या हटा दें। कम से कम 30 से 60 दिनों तक किसी भी तरह के कॉन्टेक्ट से बचें। यह समय आपको उनके बिना रहने की आदत डालने और खुद पर ध्यान देने के लिए जरूरी है।

अपने रूटीन और सेहत पर ध्यान दें

जब मन दुखी होता है, तो हम अक्सर खाना-पीना या समय पर सोना छोड़ देते हैं, लेकिन एक स्वस्थ शरीर ही स्वस्थ दिमाग का आधार है। वॉक पर जाएं, जिम ज्वॉइन करें या योग करें। एक्सरसाइज करने से शरीर में एंडोर्फिन रिलीज होते हैं, जिन्हें हैप्पी हार्मोन कहा जाता है। साथ ही, 7-8 घंटे की नींद लेने की कोशिश करें।

खुद के साथ फिर से जुड़ें

रिलेशनशिप में रहते हुए अक्सर हम अपनी पसंद-नापसंद को भूलकर पार्टनर की पसंद के अनुसार ढल जाते हैं, लेकिन ब्रेकअफ आपको खुद को फिर से खोजने का मौका देता है। अपनी पुरानी हॉबीज को फिर से शुरू करें, खुद के साथ डेट पर जाएं, मूवी देखें, कोई नई स्किल सीखें और अपनी कंपनी एन्जॉय करें।

मदद मांगने में हिचकिचाएं नहीं

अकेलेपन में इंसान अक्सर गलत विचारों का शिकार हो जाता है। ऐसे में अपने करीबियों की मदद लें। उन लोगों के साथ समय बिताएं जो आपको प्यार करते हैं और आपकी परवाह करते हैं। अगर आपको लगता है कि दुख आपकी रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित कर रहा है और आप इससे बाहर नहीं निकल पा रहे, तो किसी थेरेपिस्ट या काउंसलर से बात करने में कोई बुराई नहीं है।

Please Share With Your Friends Also

‘जन-जन तक संदेश’ ( Jan Jan Tak Sandesh) यह छत्तीसगढ़ का एक तेजी से बढ़ता हुआ हिंदी न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सिर्फ खबरें पहुँचाना नहीं, बल्कि समाज की आवाज़ बनना है।

Leave a Comment