🏏
स्पोर्ट्स डेस्क; एमएस धोनी IPL का लगातार 19वां सीजन खेलने के लिए लौट रहे हैं और इस बार वो सिर्फ मैदान पर उतरेंगे ही नहीं, बल्कि कई रिकॉर्ड्स अपने नाम करते दिखेंगे. खास तौर पर 7 रिकॉर्ड ऐसे हैं, जिनके पास भी CSK का कोई दूसरा खिलाड़ी फिलहाल नहीं है.
‘एक सीजन और’… ये 3 शब्द ही काफी हैं और भारत में लाखों क्रिकेट फैंस के चेहरे पर मुस्कुराहट आ जाएगी. ये 3 शब्द पढ़ने और सुनने में जितने आम लगते हैं, IPL फैंस के लिए ये उतने ही ज्यादा खास हैं क्योंकि इसका मतलब है, IPL के सबसे बड़े स्टार, सबसे सफल कप्तान और हर दिल-अजीज एमएस धोनी को फिर से खेलते देखने का मौका मिलेगा. यही ‘एक और सीजन’ अब IPL 2026 में भी होने जा रहा है, जहां फिर से चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान मैदान पर उतरेंगे.

पिछले 2-3 सीजन से लगातार एमएस धोनी के संन्यास की अटकलें लगाई जाती रही हैं लेकिन फिर भी वो अपने फैंस और अपनी टीम की खातिर मैदान पर लौटे. एक बार फिर वो CSK की पीली जर्सी पहने हुए नजर आएंगे, फिर चाहे हाथ में बल्ला हो या विकेटकीपिंग ग्लव्स, धोनी की एक-एक झलक के लिए फैंस फिर बेकरार रहेंगे. मगर इस बार क्रिकेट के सबसे मशहूर ‘नंबर-7’ के पास 7 कमाल के रिकॉर्ड बनाने का मौका भी होगा.
‘7-स्टार धोनी’ के संभावित 7 मुकाम
🏏धोनी IPL में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए 250 मैच खेलने वाले पहले खिलाड़ी बन सकते हैं. धोनी ने अब तक CSK की ओर से 248 मैच खेले हैं. उन्होंने IPL में कुल 278 मैच खेले हैं, जिसमें से 30 मुकाबले पुणे सुपरजायंट्स की ओर से खेले थे.
🏏इसी तरह धोनी CSK की ओर से 5000 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज भी बन सकते हैं. उन्होंने इन 248 मुकाबलों में चेन्नई के लिए 4865 रन बनाए हैं.
🏏रन तभी बनेंगे, जब छक्के-चौके भी लगेंगे और यहां भी धोनी CSK का झंडा बुलंद सकते हैं. चेन्नई के लिए 250 छक्के लगाने का रिकॉर्ड बनाने से वो सिर्फ 16 छक्के दूर हैं. उन्होंने सिर्फ चेन्नई के लिए 234 छक्के जड़े हैं.
🏏बतौर विकेटकीपर धोनी के नाम IPL में सबसे ज्यादा 158 कैच का रिकॉर्ड है. वहीं सिर्फ एक फ्रेंचाइजी के लिए 150 कैच का रिकॉर्ड बनाने से वो 10 कैच दूर हैं. उनके 18 कैच पुणे के लिए आए थे.
🏏इतना ही नहीं, वो एक फ्रेंचाइजी के लिए बतौर खिलाड़ी 150 मैच जीतने से सिर्फ 8 कदम दूर हैं. धोनी ने अब तक सबसे ज्यादा 156 मैच जीते हैं, जिसमें से 14 मैच पुणे के लिए जीते थे.
🏏इसके अलावा IPL में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ 1000 रन बनाने वाले पहला बल्लेबाज बनने से वो 94 रन दूर हैं. धोनी ने RCB के खिलाफ 35 पारियों में सबसे ज्यादा 906 रन बनाए हैं.
🏏अगर धोनी इस सीजन में एक भी प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीतते हैं तो सबसे ज्यादा उम्र में ऐसा करने का अपना ही रिकॉर्ड तोड़ देंगे. धोनी की उम्र फिलहाल 44 साल और 258 दिन से ज्यादा है. उन्होंने पिछले सीजन में 43 साल-281 दिन की उम्र में ये रिकॉर्ड बनाया था.










