IPL 2026 : LSG vs DC के बीच टक्कर..अक्षर पटेल नहीं देंगे करुण नायर को मौका..पंत लगाएंगे इन 11 खिलाड़ियों पर दांव

🏏

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में बुधवार को दिल्ली कैपिटल्स का सामना लखनऊ सुपरजायंट्स से होगा। ये मैच लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों ही टीमों का ये सीजन का पहला मैच है और ऐसे में दोनों ही टीमों की कोशिश जीत के साथ शुरुआत करने की होगी। पहले मैच में कप्तान के ऊपर सही संयोजन चुनने का दवाब भी होगा।

देखा जाए तो लखनऊ की टीम के पास बैटिंग में फायरपावर है और गेंदबाजी में उसके पास ज्यादा विकल्प नहीं हैं। वहीं दिल्ली की टीम लखनऊ के मुकाबले ज्यादा संतुलित दिख रही है। लखनऊ के कप्तान ऋषभ पंत पहले दिल्ली के लिए खेलते थे जिसकी कप्तानी अब अक्षर पटेल कर रहे हैं।

पंत चुनेंगे ये 11 खिलाड़ी!

ऋषभ पंत के लिए सबसे बड़ी चुनौती गेंदबाजों का चुनाव करना होगी। मोहम्मद शमी का खेलना तो तय और उनके साथ होंगे एनरिक नॉर्खिया। इन दोनों के साथ अपनी तूफानी रफ्तार के लिए मशहूर मयंक यादव का खेलना भी तय माना जा रहा। इन दोनों का साथ देंगे आवेश खान। शमी तो शानदार फॉर्म में हैं, लेकिन मयंक चोट से वापसी कर रहे हैं। ऐसे में वह कैसा खेल दिखाएंगे ये देखना होगा। जहां तक स्पिन की बात है तो दिग्वेश राठी का खेलना तय है।

जहां तक बल्लेबाजी की बात है तो मिचेल मार्श, और एडेन मार्करम का ओपनिंग करना तय है। नंबर तीन पर कप्तान पंत आएंगे ये खुलासा टीम मैनेजमेंट ने कर दिया है। उनके बाद आएंगे निकोलस पूरन। आयुष बडोनी और अब्दुल समद के कंधों पर फिनिशर की जिम्मेदारी होगी।

करुण नायर जाएंगे बाहर

जहां तक दिल्ली की बात है तो मिचेल स्टार्क के बिना उसकी गेंदबाजी कमजोर नजर आ रही है। आकिब नबी और लुंग एंगिडी इसकी भरपाई करने की कोशिश करेंगे। आकिब ने हाल ही में रणजी ट्रॉफी में काफी प्रभावित किया था देखना होगा कि वह आईपीएल में क्या कमाल करते हैं। तीसरे तेज गेंदबाज के तौर पर टीम टी नटराजन या मुकेश कुमार में से किसी एक को चुन सकती है। स्पिन में कुलदीप यादव और कप्तान अक्षर पटेल हैं।

जहां तक बल्लेबाजों की बात है तो केएल राहुल और पाथुम निसांका ओपनिंग का जिम्मेदारी निभा सकते हैं। पिछले सीजन करुण नायर टीम की प्लेइंग-11 का हिस्सा बने थे, लेकिन इस बार उनकी जगह बनती नहीं दिख रही है। नीतीश राणा का तीसरे और ट्रिस्टन स्टब्स का चौथे नंबर पर आना तय है। डेविड मिलर के आने से टीम की फिनिशर की कमी पूरी हुई है। आशुतोष शर्मा और विप्रज निगम में से टीम किसी एक को खिला सकती है।

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11

↪️लखनऊ सुपर जायंट्स :- ऋषभ पंत (कप्तान/विकेटकीपर), मिचेल मार्श, एडेन मार्करम, निकोलस पूरन, आयुश बडोनी, अब्दुल समद, एनरिख नॉर्खिया, मोहम्मद शमी, आवेश खान, मयंक यादव, दिग्वेश राठी।

↪️दिल्ली कैपिटल्स:- अक्षर पटेल (कप्तान), पाथुम निसांका, केएल राहुल (विकेटकीपर), नीतीश राणा, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, आशुतोष शर्मा, आकिब नबी, टी नटराजन, कुलदीप यादव, लुंगी एंगिडी।

Please Share With Your Friends Also

‘जन-जन तक संदेश’ ( Jan Jan Tak Sandesh) यह छत्तीसगढ़ का एक तेजी से बढ़ता हुआ हिंदी न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सिर्फ खबरें पहुँचाना नहीं, बल्कि समाज की आवाज़ बनना है।

Leave a Comment