“ऑपरेशन आघात” के तहत ताबड़तोड़ कार्रवाई..पूंजीपथरा, लैलूंगा थाना क्षेत्रों में छापेमारी..बड़ी मात्रा में ताड़ी और महुआ शराब जब्त..चार आरोपी गिरफ्तार

👇

Chhattisgarh News/रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई है। चक्रधरनगर, पूंजीपथरा और लैलूंगा थाना क्षेत्रों में की गई छापेमारी में बड़ी मात्रा में ताड़ी और महुआ शराब जब्त की गई है, वहीं चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

वहीं पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 18 और 19 अप्रैल को तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की गई। चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में ग्राम टारपाली स्थित एक किराये के मकान के पास फरवतालू कनकटी (52 वर्ष), निवासी तेलंगाना को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से करीब 40 लीटर ताड़ी बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग 4000 रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2), 59(क) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।


दरअसल, इसी तरह पूंजीपथरा थाना पुलिस ने बंजारी मंदिर के पास जंगल क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए श्याम उर्फ शुभ्रम कसेर (27 वर्ष), निवासी उज्जवलपुर को गिरफ्तार किया। उसके पास से 10 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई। आरोपी मौके पर शराब बिक्री की तैयारी में था। लैलूंगा थाना क्षेत्र में भी दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की गई। ग्राम पोतरा (कोरवापारा) में सहदेव पहाड़ी कोरवा (62 वर्ष) से 7 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब बरामद की गई। वहीं दूसरे मामले में दिपेश कुमार चक्रवर्ती (25 वर्ष), निवासी पोतरा से 20 लीटर महुआ शराब जब्त की गई। सभी मामलों में आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। कुल मिलाकर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और अवैध शराब की बड़ी खेप जब्त की गई है।


फिलहाल, पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और जिले में किसी भी प्रकार के अवैध नशे के कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि “ऑपरेशन आघात” के तहत अवैध शराब और नशे के कारोबार पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की है कि अपने आसपास हो रहे अवैध नशे के कारोबार की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते सख्त कार्रवाई की जा सके।

वहीं पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिले में लगातार निगरानी बढ़ाई जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। आने वाले दिनों में और भी बड़े स्तर पर कार्रवाई की संभावना है। इस अभियान से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है, जबकि पुलिस की सक्रियता से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिल रही है।

Please Share With Your Friends Also

‘जन-जन तक संदेश’ ( Jan Jan Tak Sandesh) यह छत्तीसगढ़ का एक तेजी से बढ़ता हुआ हिंदी न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सिर्फ खबरें पहुँचाना नहीं, बल्कि समाज की आवाज़ बनना है।

Leave a Comment