🏏
Rajasthan Royals vs Delhi Capitals: आईपीएल 2026 के 43वें मैच में राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स की टक्कर है. इस मैच से पहले दिल्ली के ओपनर और विकेटकीपर केएल राहुल ने वैभव सूर्यवंशी पर गजब बयान दिया है.
KL Rahul on Vaibhav Sooryavanshi: वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में अपनी तूफानी बैटिंग से दिल जीत लिया है. 15 साल का ये खिलाड़ी अबतक 400 रन बना चुका है. सूर्यवंशी ने सबसे ज्यादा 37 छक्के लगा दिए हैं और अब ये खिलाड़ी दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ नजर आएगा. राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स का मैच जयपुर में होगा और इस मुकाबले से पहले दिल्ली के विकेटकीपर केएल राहुल ने सूर्यवंशी को लेकर बड़ी बात कह दी है. केएल राहुल ने कहा कि वैभव ने आईपीएल में 2 शतक ठोककर जो कमाल किया है ऐसा करने के बारे में वो सपने में नहीं सोच सकते थे.
केएल राहुल ने की सूर्यवंशी की तारीफ
केएल राहुल ने वैभव सूर्यवंशी की तारीफ करते हुए कहा कि वो नए जमाने क्रिकेटर हैं और जो वो कर रहे हैं वो कमाल है. उन्होंने कहा, ‘वैभव सूर्यवंशी ने वर्ल्ड क्रिकेट में तहलका मचा दिया है. 15 साल की उम्र में दो शतक लगाना ऐसी चीज है जिसका मैंने कभी सपना भी नहीं देखा था.’ केएल राहुल ने आगे कहा, ‘आयुष म्हात्रे ने भी अच्छा प्रदर्शन किया है और उन्होंने चेन्नई को तेज रन बनाने में मदद की. भारत में उभरते हुए टैलेंट की संख्या चौंकाने वाली है. 4-5 साल पहले ये चिंता था कि हमारे पास छक्के लगाने वाले खिलाड़ी नहीं हैं. सब ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड की बैटिंग देखकर हैरान रहते थे लेकिन आज भारतीय खिलाड़ी सबसे आगे हैं और ये सब आईपीएल की वजह से हुआ है. ये बेखौफ खिलाड़ी टी20 खेलने के तरीके को बदल रहे हैं.’
राहुल को धोनी की बराबरी करनी है
केएल राहुल ने स्टार स्पोर्ट्स से बातचीत में कहा कि उनके लिए पर्सनल माइलस्टोन का कोई मतलब नहीं है. राहुल ने कहा कि वो धोनी के पांच आईपीएल खिताबों की बराबरी करना चाहते हैं. उन्हें रन से मतलब नहीं बल्कि ट्रॉफी जीतने से मतलब है. केएल राहुल ने कहा, ‘निजी उपलब्धियां अच्छी होती हैं. इनसे मुझे भरोसा होता है कि मैं सही रास्ते पर हूं. लेकिन मुझे सबसे ज्यादा खुशी एमएस धोनी जितनी ट्रॉफी जीतने से होगी. क्रिकेट एक टीम गेम है. आप ट्रॉफी जीतना चाहते हैं. आप सफल टीमों का हिस्सा बनना चाहते हैं. यही हमेशा से मेरा लक्ष्य रहा है.’


















