👇
Chhattisgarh Crime News/रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से हत्या का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां जीजा ने अपने ही साले की चापड़ से मारकर हत्या कर दी। ससुराल में रहने के लिए ताना मारने से परेशान होकर उसने हत्या की इस घटना को अंजाम दिया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना उरला थाना क्षेत्र की है।
क्या है पूरा मामला?
वहीं जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान गिरधर गोपाल के रूप में हुई है, जो कि ग्राम सरोरा उरला में अपने पिता और बहन के साथ रहता था। वहीं उसका जीजा प्रकाश साहू (39) भी पिछले तीन साल से उनके साथ रह रहा था। गिरधर अक्सर अपने जीजा प्रकाश को ससुराल में रहने के कारण ताना मारता था।
कब और कैसे की हत्या ?
दरअसल, रोज-रोज के ताने से प्रकाश इतना नाराज हो गया कि उसने अपने साले की हत्या की प्लानिंग कर ली। 13 मई को उसने रिंग रोड नंबर 2 के पास गिरधर पर चापड़ से हमला कर दिया। हमला इतना घातक था कि गिरधर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गिरधर के पिता ने इसकी शिकायत थाने में की।
पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी
फिलहाल, घटना की शिकायत के बाद एक्शन में आई पुलिस ने आरोपी प्रकाश साहू (39) के खिलाफ धारा 103(1) बी.एन.एस. 25, 27 आर्म्स एक्ट का अपराध पंजीबद्ध किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के हर छिपने की जगह पर दबीश देते हुए उसे पकड़ लिया। साथ ही घटना में इस्तेमाल होने वाले चापड़ को भी जब्त कर लिया गया।


















