🏏
Asian Games 2026: एशियन गेम्स में क्रिकेट इवेंट के दूसरे सेमीफाइनल में श्रीलंका के स्पिनर थारिंदु रत्नायके ने भारत के खिलाफ एक अनोखा कारनामा किया. उन्होंने दोनों हाथों से गेंदबाजी करते हुए विकेट लिए.
Tharindu Ratnayake, Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 के पुरुष क्रिकेट सेमीफाइनल में श्रीलंका और भारत के बीच खेले गए मुकाबले में एक ऐसा कारनामा देखने को मिला जो टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट के इतिहास में पहले कभी नहीं हुआ था. श्रीलंका के अनोखे स्पिनर थारिंदु रत्नायके टी20I के एक ही मैच में दोनों हाथों से गेंदबाजी करते हुए विकेट चटकाने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बन गए हैं. थारिंदु ने भारतीय पारी के दौरान पहले बाएं हाथ की स्पिन गेंद पर संजू सैमसन को बोल्ड किया और फिर बाद में दाएं हाथ से ऑफ-स्पिन फेंकते हुए शिवम दुबे को पवेलियन का रास्ता दिखाया. दोनों बल्लेबाजों को एक ही गेंदबाज ने अलग-अलग हाथों से गेंदबाजी कर आउट किया.
थारिंदु रत्नायके का अनोखा रिकॉर्ड
टीम इंडिया की पारी के तीसरे ओवर की आखिरी गेंद पर बाएं हाथ से गेंदबाजी करते हुए थारिंदु ने सैमसन को आउट किया. वहीं, पारी के 19वें ओवर में थारिंदु ने अपना हाथ बदला और दाएं हाथ से ऑफ-स्पिन गेंदबाजी करने आए. इस दौरान शिवम दुबे ने कवर्स की दिशा में एक करारा ड्राइव लगाया, जिसे कवर पर तैनात अराचिगे ने दाईं ओर हवा में डाइव लगाते हुए एक हाथ से कैच में बदल दिया. इसी के साथ थारिंदु रत्नायके ने इस अनोखे रिकॉर्ड को अपने नाम कर लिया.
‘एम्बिडेक्सट्रस’ गेंदबाज हैं थारिंदु रत्नायके
दरअसल अंग्रेजी में उन चुनिंदा लोगों को ‘एम्बिडेक्सट्रस’ कहा जाता है जो अपने दोनों हाथों का इस्तेमाल बराबर कर सकते हैं. क्रिकेट की दुनिया में दोनों हाथों से इंटरनेशनल लेवल पर सटीक गेंदबाजी करने वाले खिलाड़ी उंगलियों पर गिने जा सकते हैं, और थारिंदु इस हुनर के सबसे बड़े उस्ताद बनकर उभरे हैं. वे दाएं हाथ से ऑफ-स्पिन गेंदबाजी करते हैं. वहीं, बाएं हाथ से वो स्लो ऑर्थोडॉक्स स्पिन के साथ-साथ खतरनाक गुगली फेंकने में माहिर हैं, जो बल्लेबाजों को पूरी तरह चकमा दे देगी है.
फिलहाल थारिंदु रत्नायके का यह पहला अनोखा कीर्तिमान नहीं है. इससे पहले साल 2025 में बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट मैच में भी उन्होंने दोनों हाथों से गेंदबाजी करते हुए विकेट चटकाए थे और टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में ऐसा करने वाले दुनिया के इकलौते गेंदबाज बने थे. अब एशियन गेम्स के सेमीफाइनल में भारत के खिलाफ टी20I में यही कारनामा दोहराकर उन्होंने टेस्ट और टी20I दोनों फॉर्मेट में यह ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम दर्ज करा ली है.


















