🇮🇳
Jharkhand Student Protest: रांची में JPSC और JSSC अभ्यर्थियों के उग्र प्रदर्शन के बाद हेमंत सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। 14वीं JPSC परीक्षा रद्द करने पर सहमति बन गई है और CID जांच के आदेश दिए गए हैं।
Hemant Soren:झारखंड की राजधानी रांची में JPSC और JSSC परीक्षाओं को लेकर छात्रों का जो प्रदर्शन चल रहा था, उसमें अभ्यर्थियों को बड़ी सफलता मिली है। छात्रों के लगातार विरोध और उग्र प्रदर्शन के आगे आखिरकार हेमंत सोरेन सरकार को झुकना पड़ा है।
बता दें कि, कैबिनेट मंत्री दीपिका पांडेय और आंदोलनकारी छात्रों के बीच हुई दो दौर की मैराथन बैठक के बाद सरकार ने अभ्यर्थियों की प्रमुख मांगों को स्वीकार कर लिया है। इस वार्ता के बाद राज्य सरकार ने 14वीं JPSC परीक्षा को रद्द करने पर अपनी सहमति दे दी है, जिसे परीक्षार्थियों की एक बड़ी जीत माना जा रहा है।
TDPL की परीक्षाओं और JSSC-CGL मामले की CID जांच
फिलहाल, छात्र प्रतिनिधियों के साथ वार्ता के बाद मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि छात्रों की सभी जायज चिंताओं का समाधान करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विवादों में घिरी एजेंसी TDPL द्वारा आयोजित तमाम परीक्षाओं और JSSC-CGL की पूरी जांच अब राज्य सरकार CID से कराई जाएगी। यदि मामले में वित्तीय अनियमितताएं या गंभीर साक्ष्य मिलते हैं, तो जरूरत पड़ने पर राज्य सरकार केंद्रीय एजेंसी ED को भी पत्र लिखने से पीछे नहीं हटेगी।


















