👇
Chhattisgarh News/रायपुर. नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने स्वामी रामभद्राचार्य और बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेन्द्र शास्त्री को लेकर जमकर निशाना साधा. महंत ने दो टूक कह दिया कि वे रामभद्राचार्य को जगद्गुरु कतई नहीं मानते. उन्होंने आरोप लगाए कि रामभद्राचार्य केवल भाजपा के प्रचारक हैं और वे अपने प्रवचन में भाजपा का प्रचार कर रहे हैं.
वहीं, महंत ने तीखे तेवर दिखाते हुए कह दिया कि ज्ञान के माध्यम से लोगों को ठगने वाले बाबा बेवकूफ बना रहे हैं. नेता प्रतिपक्ष ने तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भी ऐसे आयोजनों में शिरकत नहीं करने की सलाह दे दी. महंत के बयान के बाद एक बार फिर प्रदेश में सियासत गरमा गई. इधर चिरमिरी में प्रवचन के दौरान रामभद्राचार्य ने भी पलटवार कर दिए. उन्होंने कहा कि संतों का अपमान स्वीकार नहीं किया जा सकता.
दरअसल, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि धीरेन्द्र शास्त्री जैसे सभी बाबा फर्जी हैं. हम तो कण-कण में भगवान को मानने वाले लोग हैं. रामभद्राचार्य को तो मैं जगद्गुरु क्या, गांव का गुरु भी नहीं मानता. यह लोग तो भाजपा के एजेंट हैं. भाजपा के प्रचारक हैं और उस पार्टी का प्रचार करने आए हैं.
फिलहाल, महंत के बयान को लेकर चिरमिरी के लालबहादुर शास्त्री स्टेडियम में कथा के दौरान रामभद्राचार्य ने व्यासपीठ से ही नेता प्रतिपक्ष के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि सनातन धर्म और संतों का अपमान किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता.


















