🏏
IND VS SL: श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में दो शतक लगाने वाले देवदत्त पडिक्कल क्या अब विदेश में होने वाली टेस्ट सीरीज में भी प्लेइंग इलेवन में रहेंगे, क्या वो वनडे टीम में भी जगह पा सकते हैं?
IND VS SL: श्रीलंका दौरे पर टीम इंडिया को एक नया स्टार मिल गया है. बात हो रही है देवदत्त पडिक्कल की जिन्होंने श्रीलंका के खिलाफ कमाल बल्लेबाजी कर सभी का दिल जीत लिया है. पडिक्कल ने सीरीज के दो टेस्ट मैचों में दो शतक ठोक दिए हैं. गॉल में सेंचुरी लगाने के बाद पडिक्कल के बल्ले से कोलंबो टेस्ट में भी सेंचुरी निकली जिसके बाद ये सवाल उठने लगा है कि क्या अब इस खिलाड़ी की टीम इंडिया में जगह फिक्स हो गई है? क्या अब वो ही नंबर 3 पर बल्लेबाजी करेंगे? क्या उन्हें विदेश में होने वाली टेस्ट सीरीज में भी नंबर 3 का बल्लेबाज बनाकर रखा जाएगा? साथ ही क्या वो वनडे टीम में भी अब एंट्री करेंगे?
देवदत्त पडिक्कल में है गजब टैलेंट
श्रीलंका की मुश्किल पिच पर देवदत्त पडिक्कल ने अपने टैलेंट को साबित कर दिया है. उनके पास मजबूत डिफेंस के साथ-साथ तेजी से रन बनाने की काबिलियत भी है. वो काफी बैलेंस्ड बल्लेबाज नजर आते हैं जो विकेट के चारों ओर तो अच्छे शॉट खेल ही सकते हैं साथ ही उनके पास पिच का मिजाज भांपते हुए खुद को कंट्रोल करना भी बखूबी आता है. पडिक्कल पारंपरिक टेस्ट बल्लेबाज नजर आते हैं जो पहले थोड़ा समय लेते हैं और फिर सेट होने के बाद खुलकर अपने शॉट्स खेलते हैं. गजब की बात ये है कि उनके अंदर रन बनाने की गजब की भूख है. वो तेज गेंदबाज और स्पिनर्स दोनों के खिलाफ काफी कंट्रोल में दिखते हैं. ऐसे में ये कहा जा सकता है कि टीम इंडिया मैनेजमेंट उन्हें आगे मौका देने वाली है. वैसे पडिक्कल को साई सुदर्शन के चोटिल होने की वजह से मौका मिला था. अब ऐसा लग रहा है कि साई सुदर्शन को पडिक्कल को बाहर करने के लिए काफी मेहनत करनी होगी.
विदेश में टेस्ट सीरीज में दिख सकता है जलवा
पडिक्कल की बैटिंग तकनीक उन्हें तेज पिचों का भी अच्छा खिलाड़ी बनाती है. ये खिलाड़ी शॉर्ट गेंदों को अच्छे से कंट्रोल करना जानता है. वो आक्रामक शॉट्स के अलावा गेंद को लीव करना भी जानता है. नतीजा आने वाले न्यूजीलैंड दौरे पर इस खिलाड़ी को मौका दिया जा सकता है.
वनडे के भी गजब खिलाड़ी बन सकते हैं पडिक्कल
अभी भारतीय फैंस ने पडिक्कल को टेस्ट फॉर्मेट में देखा है लेकिन यकीन मानिए ये खिलाड़ी व्हाइट बॉल फॉर्मेट का भी कमाल बल्लेबाज है. खासतौर पर वनडे क्रिकेट की बात करें तो पडिक्कल रन मशीन हैं. पडिक्कल का लिस्ट ए क्रिकेट में प्रदर्शन उनके टैलेंट की तस्दीक करता है. पडिक्कल का लिस्ट ए क्रिकेट में 82.33 का औसत है. ये खिलाड़ी 41 लिस्ट ए पारियों में 13 शतकों की मदद से 2796 रन बना चुका है. साफ है अगर इस खिलाड़ी को साउथ अफ्रीका में होने वाले वर्ल्ड कप के हिसाब से भी टीम इंडिया में जगह दी जाए तो पडिक्कल कमाल कर सकते हैं. अब देखना ये है कि टीम इंडिया मैनेजमेंट इस खिलाड़ी को कैसे इस्तेमाल करता है?


















