Imli Chutney Recipe: खट्टी भी, मीठी भी, घर पर इस आसान तरीके से बनाएं बाजार जैसी इमली की चटनी!

🇮🇳

Imli Chutney Recipe: क्या आप भी स्नैक्स के साथ इमली की चटनी पसंद करते हैं? जानिए बाजार जैसी परफेक्ट खट्टी-मीठी चटनी बनाने की सबसे आसान रेसिपी.

Imli Chutney Recipe: समोसे, कचौड़ी, दही भल्ले या आलू टिक्की खाने का मन हो, तो इनके साथ खट्टी-मीठी चटनी मिल जाए तो स्वाद दोगुना हो जाता है. मेरे साथ तो ऐसा है कि कभी-कभी खाने में कुछ खास न भी हो, लेकिन इमली की चटनी मिल जाए तो साधारण-सा नाश्ता भी मजेदार लगने लगता है.

बाजार में मिलने वाली चटनी का स्वाद तो अच्छा होता है, लेकिन इसे घर पर बनाना भी काफी आसान है. इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती. आइए जानते हैं इमली की खट्टी-मीठी चटनी बनाने की आसान रेसिपी.

Imli Chutney Recipe: इमली की चटनी बनाने के लिए सामग्री

इमली -100 ग्राम
गुड़ – 100 से 150 ग्राम
पानी – 2 से 3 कप
भुना जीरा पाउडर – 1 छोटा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर – आधा छोटा चम्मच
काला नमक – आधा छोटा चम्मच
सौंठ पाउडर – आधा छोटा चम्मच (ऑप्शनल)

Imli Chutney Recipe: ऐसे बनाएं खट्टी मीठी इमली की चटनी

1
इमली की चटनी बनाने के लिए सबसे पहले इमली को अच्छी तरह साफ कर लें. अब इसे एक बर्तन में डालकर गर्म पानी में करीब 20 से 30 मिनट के लिए भिगो दें. इससे इमली नरम हो जाएगी और उसका गूदा आसानी से निकल आएगा. अगर इमली में बीज या रेशे ज्यादा हैं, तो उन्हें अलग करने के लिए इसे अच्छी तरह मसलें.

2
इमली नरम हो जाने के बाद हाथों से इसे अच्छी तरह मसल लें. अब इसे छलनी से छानकर गूदा अलग कर लें. ध्यान रखें कि चटनी में इमली के बीज और रेशे नहीं रहने चाहिए.

3
अगर जरूरत लगे, तो थोड़ा पानी डालकर गूदे को दोबारा छान सकती हैं. इससे चटनी का टेक्सचर अच्छा बनेगा.

4
एक पैन में इमली का गूदा डालकर गैस पर गर्म करें. अब इसमें गुड़ डालें और धीमी आंच पर चलाते हुए पकाएं. गुड़ पिघलने के बाद इसमें काला नमक, साधारण नमक, लाल मिर्च पाउडर और भुना जीरा पाउडर डाल दें. अगर आपको चटनी में हल्का मसालेदार स्वाद पसंद है, तो थोड़ा सौंठ पाउडर भी मिला सकती हैं.

5
चटनी को धीमी आंच पर करीब 8 से 12 मिनट तक पकाएं. बीच-बीच में इसे चलाती रहें, ताकि यह पैन के तले में चिपके नहीं. जब चटनी थोड़ी गाढ़ी होने लगे, तो गैस बंद कर दें. ध्यान रखें कि गर्म रहते समय चटनी थोड़ी पतली लग सकती है, लेकिन ठंडी होने पर यह और गाढ़ी हो जाती है. इसलिए इसे बहुत ज्यादा गाढ़ा होने तक न पकाएं.


इमली की चटनी परोसने का तरीका

चटनी ठंडी होने के बाद इसे समोसे, कचौड़ी, पकौड़े, दही भल्ले या आलू टिक्की के साथ परोसें.
आप इसे भेलपुरी और चाट में भी डाल सकती हैं.
अगर चटनी ज्यादा खट्टी लगे, तो थोड़ा और गुड़ मिलाकर कुछ देर पकाएं. वहीं, ज्यादा मीठी हो जाए, तो थोड़ा इमली का गूदा मिला सकती हैं.

चटनी को स्टोर कैसे करें?

▪️इमली की चटनी को पूरी तरह ठंडा करके साफ, सूखे और एयरटाइट कंटेनर में भरें.
▪️इसे फ्रिज में रखें और निकालते समय हमेशा साफ, सूखा चम्मच इस्तेमाल करें.
▪️इसकी शेल्फ लाइफ चटनी की नमी, सफाई और स्टोरेज पर निर्भर करती है, इसलिए उसमें फफूंदी, अजीब गंध या रंग में असामान्य बदलाव दिखे तो इस्तेमाल न करें.
▪️घर पर बनी इमली की खट्टी-मीठी चटनी स्वाद में लाजवाब होती है. बस गुड़, इमली और मसालों का संतुलन सही रखें, फिर आपके पसंदीदा स्नैक्स का मजा और भी बढ़ जाएगा.

Please Share With Your Friends Also

‘जन-जन तक संदेश’ ( Jan Jan Tak Sandesh) यह छत्तीसगढ़ का एक तेजी से बढ़ता हुआ हिंदी न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सिर्फ खबरें पहुँचाना नहीं, बल्कि समाज की आवाज़ बनना है।

Leave a Comment