🇮🇳
Chhattisgarh News/सूरजपुर। बिजली बिल बकाया रखकर बेफिक्र बैठे औद्योगिक और गैर घरेलू श्रेणी के उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। सूरजपुर संभाग में चलाए गए मास डिस्कनेक्शन अभियान में विभाग ने बकायादारों के 72 विद्युत कनेक्शन विच्छेदित कर दिए।
वहीं, कार्रवाई के दौरान उपभोक्ताओं से 5.41 लाख रुपये की बकाया राशि वसूल की गई। भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन नियमानुसार बहाल कर दिए गए हैं। विभाग ने साफ किया है कि बकाया बिल का भुगतान नहीं करने वालों के खिलाफ कनेक्शन काटने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
ज्ञात हो कि, छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत कंपनियों के निर्देशन में अधीक्षण यंत्री राजेश लकड़ा, वृत्त बैकुंठपुर के मार्गदर्शन में यह अभियान तीन सितंबर को सूरजपुर संभाग के अंतर्गत चलाया गया। अभियान के लिए 10 टीमों का गठन किया गया था। सूरजपुर, रामानुजनगर, विश्रामपुर, भैयाथान और प्रतापपुर उपसंभागों के अंतर्गत आने वाले सभी 16 वितरण केंद्रों के कनिष्ठ यंत्री एवं सहायक यंत्रियों ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
लाखों का बकाया, तत्काल वसूले गए 5.41 लाख रुपये
वहीं, अभियान के दौरान बकाया राशि का भुगतान नहीं करने वाले 39 औद्योगिक उपभोक्ताओं के कनेक्शन विच्छेदित किए गए। इन उपभोक्ताओं पर कुल 55.73 लाख रुपये की राशि बकाया थी। कार्रवाई के दौरान कुछ उपभोक्ताओं ने तत्काल बकाया राशि जमा कराई, जिससे विभाग को 2.70 लाख रुपये प्राप्त हुए। राशि जमा करने के बाद उनके कनेक्शन नियमानुसार बहाल कर दिए गए।
दरअसल, इसी तरह गैर घरेलू श्रेणी के 33 बकायादार उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए। इन पर कुल 44.31 लाख रुपये बकाया था। कार्रवाई के दौरान संबंधित उपभोक्ताओं ने 2.71 लाख रुपये जमा किए। भुगतान के बाद उनके कनेक्शन बहाल कर दिए गए।
अगले सप्ताह से शुरू होगा मास डिस्कनेक्शन अभियान
फिलहाल, कार्यपालन यंत्री सचिन उत्तरवार ने बताया कि बकाया विद्युत देयकों का भुगतान नहीं करने वालों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि आगामी सप्ताह से घरेलू उपभोक्ताओं समेत सभी श्रेणियों के बकायादारों के खिलाफ भी कनेक्शन विच्छेदन की कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने उपभोक्ताओं से समय पर बिजली बिल जमा करने और बकाया राशि लंबित नहीं रखने की अपील की है।


















