Jashpur News : बगीचा महाकुल यादव समाज के तत्वावधान में श्री हरि अखण्ड संकीर्तन का भव्य आयोजन..श्रीमती कौशल्या साय भी हुईं शामिल..पढ़ें पूरी ख़बर

👇

बगीचा/जशपुरनगर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में महाकुल यादव समाज सेवा समिति बगीचा के तत्वावधान में आयोजित श्री हरि अखण्ड संकीर्तन चौबीस प्रहरी (72 घंटे) का भव्य आयोजन इन दिनों पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना रहा है। 7 अप्रैल से प्रारंभ हुआ यह धार्मिक आयोजन 11 अप्रैल शनिवार को पूर्णाहुति के साथ संपन्न होगा।

वहीं, इस दौरान बगीचा पूरी तरह भक्ति और श्रद्धा के रंग में रंगा नजर आ रहा है। आयोजन स्थल पर सुबह से लेकर देर रात तक हरि नाम संकीर्तन की मधुर ध्वनि गूंज रही है, जिससे वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक हो गया है।

बता दें कि, गुरुवार की संध्या आयोजित अष्ट प्रहरी महायज्ञ में प्रदेश के मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय विशेष रूप से शामिल हुईं। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए इसे समाज में आध्यात्मिक चेतना और एकता का प्रतीक बताया।

ज्ञात हो कि, इस भव्य आयोजन में जिलेभर से आई विभिन्न कीर्तन मंडलियां लगातार अपनी प्रस्तुति दे रही हैं। हरे कृष्ण, हरे राम के संकीर्तन से पूरा क्षेत्र भक्तिरस में डूबा हुआ है। श्रद्धालु घंटों बैठकर भजन-कीर्तन का आनंद ले रहे हैं और भक्ति में लीन नजर आ रहे हैं।

वहीं, आयोजन में प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। महिलाएं, बुजुर्ग, युवा और बच्चे सभी बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं। आयोजन स्थल पर उमड़ी भारी भीड़ इस धार्मिक कार्यक्रम की लोकप्रियता और भव्यता को दर्शा रही है।

दरअसल, पूरे क्षेत्र में गूंज रहे हरिनाम संकीर्तन ने बगीचा को मानो एक आध्यात्मिक धाम में परिवर्तित कर दिया है। हर ओर भक्ति, श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।

फिलहाल, आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि 11 अप्रैल को पूर्णाहुति के साथ इस अखण्ड संकीर्तन का समापन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।

Please Share With Your Friends Also

‘जन-जन तक संदेश’ ( Jan Jan Tak Sandesh) यह छत्तीसगढ़ का एक तेजी से बढ़ता हुआ हिंदी न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सिर्फ खबरें पहुँचाना नहीं, बल्कि समाज की आवाज़ बनना है।

Leave a Comment