ईरान और अमेरिका के बीच शांति समझौते पर सहमति..ट्रंप का होर्मुज से ब्लॉकेड हटाने का आदेश..पढ़ें पूरी ख़बर

👇

वॉशिंगटन। अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध खत्म करने और होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने पर समझौता हो गया है। मुख्य मध्यस्थ पाकिस्तान ने बताया है कि समझौते पर हस्ताक्षर शुक्रवार, 19 जून को स्विट्जरलैंड में होंगे।

फिलहाल युद्ध रोकने और होर्मुज जैसे मुद्दों पर सहमति बनी है। ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर समझौते के बाद बात होने की उम्मीद है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ईरानी सरकार की ओर से समझौते की पुष्टि कर दी गई है।

डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि सभी को समझौते की बधाई देते हुए मैं होर्मुज जलडमरूमध्य को बिना किसी टोल के खोलने की पूरी मंजूरी देता हूं। साथ ही अमेरिकी नौसेना की नाकेबंदी को तुरंत हटाने का भी आदेश देता हूं। ईरान के उप-विदेश मंत्री काजेम गरीबाबादी ने सरकारी टेलीविजन पर समझौते की पुष्टि की है।


ईरान ने क्या कहा है

ईरान के उप-विदेश मंत्री काजेम गरीबाबादी ने कहा है कि डील हो गई है लेकिन शुक्रवार को हस्ताक्षर होने तक तेहरान इसे लागू करना शुरू नहीं करेगा। उन्होंने बताया कि यह समझौता तेहरान में कतर के प्रतिनिधि के साथ 14 घंटे से ज्यादा चली बातचीत के बाद हुआ है। पाकिस्तान के अलावा कतर एक और अहम मध्यस्थ है।

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सोमवार तड़के करीब पौने तीन बजे सबसे पहले समझौते की घोषणा की। शरीफ ने कहा कि दोनों पक्षों ने लेबनान समेत सभी मोर्चों पर सैन्य कार्रवाई को तुरंत और स्थायी रूप से रोकने की घोषणा की है। मध्यस्थ इस हफ्ते तकनीकी बातचीत की नींव रखने के लिए बैठकों का आयोजन करेंगे।
‘लंबी बातचीत के बाद मिली कामयाबी’

शहबाज शरीफ ने अपने बयान में कहा कि समझौता कई क्षेत्रीय मध्यस्थों की मदद से हुई लंबी कूटनीतिक बातचीत के बाद हुआ है। उन्होंने कहा कि वॉशिंगटन और तेहरान दोनों ही तुरंत और हमेशा के लिए सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमत हो गए हैं, जिससे पूरे मध्य पूर्व में तनाव कम करने की बड़ी कोशिशों का रास्ता खुल गया है।

शहबाज शरीफ ने मध्यस्थता की पूरी प्रक्रिया के दौरान कतर की लीडरशिप और समर्थन की तारीफ की है। साथ ही इस समझौते में सऊदी अरब और तुर्की के अहम योगदान को भी माना है। शरीफ ने कहा कि मध्यस्थ आने वाले दिनों में कई बैठकों की देखरेख करेंगे, जिनका मकसद समझौते को लागू करने के चरण की तैयारी करना है।


ट्रंप ने समझौते पर क्या कहा

शहबाज शरीफ के ऐलान के कुछ ही देर बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी इस बात की पुष्टि की कि समझौता हो गया है। ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ सफलतापूर्वक समझौते हो गया है। ट्रंप ने खाड़ी इलाके में समुद्री गतिविधियों से जुड़े तुरंत उठाए जाने वाले कदमों का भी ऐलान किया।

ट्रंप ने कहा है कि उन्होंने कमर्शियल शिपिंग के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने की मंजूरी देते हुए अमेरिकी नेवी की नाकेबंदी हटाने का आदेश दिया है। ट्रंप ने लिखा, ‘दुनिया के जहाजों इंजन चालू करो और तेल को बहने दो।’ ऐलान के मुताबिक 19 जून को स्विट्जरलैंड में समझौते पर हस्ताक्षर होते हैं तो क्षेत्र में शांति का रास्ता खुल सकता है।

ईरान-अमेरिका तनाव

अमेरिका और इजरायल गठबंधन ने 28 फरवरी को ईरान पर हवाई हमले शुरू किए थे। इससे लड़ाई छिड़ गई और पश्चिम एशिया को इसने अपनी चपेट में ले लिया। होर्मुज स्ट्रेट जैसा अहम समुद्री गलियारा से यातायात भी इसके चलते रुक गया। दोनों पक्षों में 8 अप्रैल को अस्थायी सीजफायर के बाद समझौते की कोशिशें शुरू हुईं, जो लंबी बातचीत के बाद मंजिल तक पहुंची हैं। 19 जून को दोनों पक्ष समझौते पर सहमत हुए हैं।

Please Share With Your Friends Also

‘जन-जन तक संदेश’ ( Jan Jan Tak Sandesh) यह छत्तीसगढ़ का एक तेजी से बढ़ता हुआ हिंदी न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सिर्फ खबरें पहुँचाना नहीं, बल्कि समाज की आवाज़ बनना है।

Leave a Comment