🇮🇳
Chhattisgarh News/रायपुर। झीरम मामले में एनआईए कोर्ट के फैसले को लेकर सियासी बयानबाजी का दौर जारी है. कांग्रेस नेताओं के बयानों पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कटाक्ष करते हुए कहा है कि कांग्रेस नेता केवल राजनीति कर रहे हैं. इस पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पलटवार करते हुए कहा है कि साव के परिवार के लोगों की हत्या नहीं हुई है, इसलिए उनको इस चीज का एहसास नहीं हो सकता है.
वहीं, झीरम मामले में कांग्रेस की बैठक पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर हमला करते हुए कहा कि दावा ठोक-ठोक कर कहते रहे कि झीरम का सच मेरी जेब में है, लेकिन जाँच के दौरान भी नहीं निकला. भूपेश बघेल मामले में केवल और केवल राजनीति करते रहे. इस पर भूपेश बघेल ने कहा कि हमने अपने बड़े नेताओं को खोया है. अरुण साव को केवल मजा आता है.
दरअसल झीरम घाटी मामले में पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता कवासी लखमा पर संदेह को लेकर अरुण साव ने कहा कि एनआईए ने विस्तार से मामले की जाँच की है. बहुत बड़ी संख्या में लोगों के साक्ष्य अंकित किए हैं. जाँच के दौरान जो-जो तथ्य आए हैं, निश्चित रूप से वह चार्जशीट में होगा.
वहीं बिलासपुर में बांग्लादेशियों की जाँच मामले में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस बेवजह आरोप लगाती है. पुलिस ने पाया यह संदिग्ध है, उस हिसाब से जाँच हो रहा था. जाँच में जो तथ्य आएँगे, उस पर कार्रवाई होगी. जो भारत के नागरिक मिलेंगे उस पर कार्रवाई थोड़े होगी.
फिलहाल, इसके अलावा कांग्रेस अनुशासन समिति की बैठक पर अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस में अंदर-बाहर का खेल चलते रहता है. कांग्रेस में ना कोई संविधान है, ना कोई नियम है. एक परिवार की पार्टी है. जब चाहे जिसको बाहर करो, जब चाहे जिसको अंदर करो, कांग्रेस में यह परंपरा रही है. कांग्रेस पार्टी ऐसे ही चलने वाली पार्टी रही है.


















