🇮🇳
ललितपुर। कोतवाली सदर अंतर्गत एक ग्राम पंचायत के मजरे में दुष्कर्म के बाद किशोरी के गर्भवती होने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करके उसको गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में पुलिस कार्रवाई में जुटी है। कोतवाली सदर क्षेत्र अन्तर्गत एक ग्राम पंचायत में रहने वाली 13वर्षीय बालिका चार महीने पहले घर पर अकेली थी। तभी गांव में रहने वाला शिशुपाल और कृष्णा उसके घर के बाहर आए। इस बीच शिशुपाल उसके घर के भीतर घुस गया और किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। घटना के समय कृष्णा उसके घर के दरवाजे पर खड़ा रहा।
फिलहाल, बाद में दोनों आरोपित इस घटना के संबंध में किसी को कुछ बताने पर किशोरी व उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी देकर चले गए। इसके बाद किशोरी भयभीत और सहमी-सहमी रहने लगी। परिजनों के पूछने पर 24 अगस्त को किशोरी ने घटनाक्रम के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि वह गर्भवती हो गयी।
दरअसल इसके बाद किशोरी के परिजनों ने आरोपितों के घर जाकर घटना के संबंध में उलाहना दिया और कार्रवाई के लिए पुलिस के पास जाने के लिए कहा। इस पर दोनों आरोपितों के परिजनों ने उनको परिवार सहित जान से मारने की धमकी दी। कई दिन बाद हिम्मत करके किशोरी के परिजनों ने कोतवाली सदर आकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। कोतवाली प्रभारी ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया और गांव जाने वाले रास्ते से शिशुपाल को गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा कोतवाली सदर पुलिस ने किशोरी का चिकित्सकीय परीक्षण कराने के लिए मेडिकल कालेज भेज दिया। क्षेत्राधिकारी सदर अजय कुमार ने बताया कि एक महिला की तहरीर पर उसकी 13 वर्षीय पुत्री के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपित के खिलाफ एफआईआर दर्ज करके उसको गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।


















