🏏
SL Vs IND: भारत ने श्रीलंका को पहले टेस्ट मैच में आसानी से हरा दिया. मैच में मानव सुथार ने जबरदस्त प्रदर्शन किया और टीम को जीत दिलाई.
SL Vs IND: पहले टेस्ट में भारतीय टीम ने श्रीलंका की टीम को हरा दिया और दो मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली. भारत ने मेजबान टीम को 165 रनों से हराया. भारत से मिले 372 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए गाले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में श्रीलंका की पूरी टीम दूसरी पारी में 206 रन बनाकर ऑलआउट हुई. मानव सुथार की घूमती गेंदों का जादू खूब चला और उन्होंने मुकाबले में कुल 10 विकेट चटकाए. मानव सुथार ने पहली पारी में 4 विकेट चटकाए, जबकि दूसरी इनिंग में श्रीलंका के 6 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा. मानव ने सिर्फ अपने टेस्ट करियर के दूसरे ही मैच में 10 विकेट लेकर अपना नाम खास लिस्ट में दर्ज करा लिया है.

मानव सुथार का बड़ा कारनामा
वहीं, मानव सुथार भारत की ओर से सबसे कम टेस्ट मैच खेलकर एक ही मुकाबले में 10 विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर आ गए हैं. उनसे पहले अक्षर पटेल और लक्ष्मण शिवरामकृष्णन करियर के दूसरे ही टेस्ट में 10 विकेट निकाल चुके हैं. वहीं, नरेंद्र हिरवानी ने अपने टेस्ट डेब्यू मुकाबले में ही 16 विकेट चटकाए थे.मानव श्रीलंका के खिलाफ भारत की ओर से एक टेस्ट में 10 विकेट लेने वाले छठे गेंदबाज बने हैं. उनसे पहले यह खास उपलब्धि सिर्फ अनिल कुंबले, हरभजन सिंह, मनिंदर सिंह, वेंकटपति राजू और रविचंद्रन अश्विन की हासिल कर सके हैं. कुंबले-हरभजन ने 2 बार श्रीलंका के खिलाफ एक टेस्ट में 10 विकेट निकाले हैं.
विदेशी सरजमीं पर बनाया खास रिकॉर्ड
दरअसल, इतना ही नहीं मानव भारत की तरफ से टेस्ट क्रिकेट में विदेशी सरजमीं पर 10 विकेट चटकाने वाले सातवें स्पिन गेंदबाज बने हैं. हालांकि, वह 28 साल से कम उम्र में यह कारनामा करने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी हैं. उन्होंने 24 साल 16 दिन की उम्र में एक टेस्ट में 10 विकेट चटकाए हैं. श्रीलंका के बल्लेबाजों का प्रदर्शन दूसरी पारी में भी निराशाजनक रहा. टीम की तरफ से पहली पारी में शतक लगाने वाले सोनल दिनुशा (84 रन) और धनंजय डी सिल्वा (59 रन) ही कुछ हद तक भारतीय गेंदबाजों का सामना कर सके.
भारत की जीत में चमके पडिक्कल
फिलहाल, दूसरी पारी में श्रीलंका के चार बल्लेबाज बिना खाता खोले पवेलियन लौटे. भारत की तरफ से पहली पारी में शतक लगाते हुए 167 रनों की शानदार इनिंग खेलने वाले देवदत्त पडिक्कल को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया.


















