👇
PM Modi on NEET Protest: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंस्टाग्राम पर एक नया वीडियो शेयर किया है. इसमें उन्होंने उन युवाओं का धन्यवाद किया, जिन्होंने उनका वीडियो देखकर अपने सुझाव भेजे. पीएम मोदी ने कहा कि देर रात युवाओं से मुलाकात का अवसर मिला और उनके सकारात्मक सुझावों की वह सराहना करते हैं. उन्होंने सभी युवाओं का आभार जताते हुए कहा कि उनके सुझाव बेहद मूल्यवान हैं.
PM मोदी बोले – पेपर लीक पर होगा बड़ा एक्शन
वहीं, इससे पहले पीएम मोदी ने गुरुवार (23 जुलाई) की देर रात छात्रों के नाम एक वीडियो संदेश जारी किया था. इसमें उन्होंने कहा कि पेपर लीक कोई मामूली विषय नहीं है, क्योंकि इससे लाखों छात्रों और उनके परिवारों का भविष्य प्रभावित होता है. उन्होंने बताया कि पिछले ढाई महीनों में सामने आए मामलों के बाद सरकार ने कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है. अब सरकार इससे भी आगे बढ़कर पेपर लीक रोकने के लिए और सख्त कानून लाने की तैयारी कर रही है. पीएम ने कहा कि इस मसौदे पर कैबिनेट में चर्चा होगी और मंत्रियों के सुझाव के बाद इसे अंतिम रूप दिया जाएगा.
दोषियों को कड़ी सजा देंगे: PM मोदी
दरअसल, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता थी कि किसी भी छात्र का एक साल बर्बाद न हो. इसी वजह से कम समय में करीब 22 लाख छात्रों की परीक्षाएं दोबारा आयोजित कराई गईं और 19 जुलाई को NEET री-एग्जाम का परिणाम भी जारी कर दिया गया. उन्होंने कहा कि सरकार केवल परीक्षा दोबारा कराने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि दोषियों के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई और कड़ी सजा का प्रावधान भी किया जाएगा, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके.
जंतर-मंतर पर छात्रों का प्रदर्शन जारी
फिलहाल, एक तरफ दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र संगठन और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में प्रदर्शन जारी है. वहीं दूसरी, ओर सरकार परीक्षा प्रणाली में सुधार की दिशा में बड़े कदम उठाने का दावा कर रही है. पीएम मोदी ने एक रात पहले कहा था कि संसद के दूसरे सप्ताह की कार्यवाही शुरू होने के साथ ही सरकार इस नए विधेयक को जल्द से जल्द सदन में पेश कर पारित कराने का प्रयास करेगी.


















