Women’s Asia Cup: टीम इंडिया किससे भिडे़गी, कब होंगे सेमीफाइनल मैच? जानिए सारी डिटेल्स

🏏

Women’s Asia Cup: भारत, श्रीलंका और पाकिस्तान पहले ही सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुके थे. चौथी टीम के लिए बांग्लादेश और UAE के बीच टक्कर थी और इसका फैसला दोनों टीमों के बीच खेले गए मुकाबले से हुआ.

विमेंस एशिया कप 2026 में खिताब की रेस अगले पड़ाव में पहुंच गई है और ये पड़ाव है सेमीफाइनल. एशिया कप के ग्रुप स्टेज के मुकाबले पूरे हो गए हैं और ये साफ हो गया है कि सेमीफाइनल में टीम इंडिया की टक्कर किससे होगी. बांग्लादेश और UAE के बीच खेले गए आखिरी मुकाबले के बाद इसका फैसला हो गया, जिसमें बांग्लादेश ने सिर्फ 103 रन बनाकर भी जीत दर्ज कर ली. इस तरह सेमीफाइनल में भारत का सामना बांग्लादेश से होगा. ये मैच गुरुवार 10 सितंबर को खेला जाएगा.

UAE के दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में मंगलवार 8 सितंबर को ग्रुप-B का आखिरी मैच खेला गया. इस मैच में उतरी बांग्लादेश और मेजबान UAE के एक समान 2-2 पॉइंट्स थे. ऐसे में जो भी टीम जीतती, उसे ही ग्रुप-B से सेमीफाइनल का दूसरा टिकट मिलना था. श्रीलंका पहले ही इस ग्रुप से अपनी जगह बना चुकी थी. निगार सुल्ताना की कप्तानी वाली बांग्लादेशी टीम ने उम्मीद के मुताबिक मैच तो जीत लिया लेकिन इसके लिए उसे काफी पापड़ बेलने पड़े.

इस मैच में बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी की लेकिन UAE के बॉलिंग अटैक ने अनुभवी बांग्लादेशी टीम के पसीन छुड़ा दिए. बांग्लादेश को 100 रन का आंकड़ा पार करने में भी नाकों चने चबाने पड़े. शरमीन अख्तर ने टीम के लिए सबसे ज्यादा 38 रन बनाए, जिसके दम पर टीम 103 रन तक ही पहुंच सकी. UAE के लिए सुरक्षा कोट्टे ने 4 ओवर में सिर्फ 11 रन खर्चे और 3 विकेट लिए. अन्य गेंदबाजों ने भी किफायती गेंदबाजी की और विकेट भी झटके. मगर इसके जवाब में खुद UAE के बल्लेबाज खुद 20 ओवर में सिर्फ 69 रन ही बना सके और इस तरह 34 रन से हार गई.

फिलहाल अब बात सेमीफाइनल की करते हैं. टूर्नामेंट में 2 सेमीफाइनल खेले जाएंगे, जो 10 और 11 सितंबर को होंगे. पहले सेमीफाइनल में भारत का सामना बांग्लादेश से होगा. भारतीय टीम ग्रुप-A में पहले स्थान पर थी, जबकि बांग्लादेश ग्रुप-B में दूसरे स्थान पर रही. ये मुकाबला 10 सितंबर को शाम 8 बजे दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा. दूसरा सेमीफाइनल अगले ही दिन श्रीलंका (ग्रुप-B में टॉपर) और पाकिस्तान (ग्रुप-A में सेकेंड) के बीच होगा. ये मुकाबला भी दुबई स्टेडियम में ही खेला जाएगा और इसकी शुरुआत भी शाम 8 बजे से होगी. इन दोनों सेमीफाइनल की विजेता टीमें ही 13 सितंबर को फाइनल में ट्रॉफी के लिए टकराएंगी.

Please Share With Your Friends Also

‘जन-जन तक संदेश’ ( Jan Jan Tak Sandesh) यह छत्तीसगढ़ का एक तेजी से बढ़ता हुआ हिंदी न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सिर्फ खबरें पहुँचाना नहीं, बल्कि समाज की आवाज़ बनना है।

Leave a Comment