🐘
कुनकुरी/जशपुर नगर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के कुनकुरी क्षेत्र में हाथी के हमले से 81 वर्षीय वृद्ध महिला की मौत हो गई। घटना शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे राझाडांड़ गांव में हुई। मृतका की पहचान कंचन बाई के रूप में बताई गई है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक कंचन बाई अपनी बेटी के घर आई हुई थीं। रात में एक हाथी घर के पास पहुंच गया और मकान को नुकसान पहुंचाने लगा। हाथी की आहट और घर के बाहर हो रही हलचल से परिवार के लोग घबरा गए।
वहीं, बताया जा रहा है कि इसी दौरान कंचन बाई घर से बाहर निकल गईं। बाहर हाथी मौजूद था। महिला के सामने आते ही हाथी ने उसे सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया। हमले में वृद्धा की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और वन विभाग की टीम
दरअसल, घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस तथा वन विभाग को सूचना दी। इसके बाद दोनों विभागों की टीम घटनास्थल पर पहुंची। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
फिलहाल, वृद्ध महिला की मौत के बाद ग्रामीणों में हाथी की मौजूदगी को लेकर चिंता बढ़ गई है। इलाके में भय का माहौल बना हुआ है।
————


















