CWG 2026 Day 10 : ग्लास्गो में भारत की बेटियों का दम, 2 गोल्ड, 1 सिल्वर और 2 ब्रॉन्ज, जूडो के क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं उन्नति..पढ़ें पूरी ख़बर

👇

CWG 2026 Day 10 : कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुक्केबाजी में दो गोल्ड, ट्रिपल जंप में एक सिल्वर और एक ब्रॉन्ज जीता। उन्नति शर्मा जूडो के क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं, जबकि प्रियंका गोस्वामी चौथे स्थान पर रहीं
ग्लासगो। राष्ट्रमंडल खेल 2026 में शनिवार का दिन भारत के लिए शानदार रहा। मुक्केबाजी में प्रीति पवार और जैसमीन लांबोरिया ने स्वर्ण पदक जीतकर तिरंगा बुलंद किया। वहीं जूडो में उन्नति शर्मा ने शानदार जीत के साथ क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। हालांकि पैदल चाल में प्रियंका गोस्वामी पदक से चूक गईं, जबकि ट्रैक साइक्लिंग में भारतीय पुरुष टीम का सफर क्वालिफिकेशन राउंड में ही समाप्त हो गया।

मुक्केबाजी में भारत का डबल गोल्ड

भारत की प्रीति पवार ने महिलाओं के 54 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में कनाडा की स्कारलेट डेलगाडो को 5-0 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। प्रीति ने शुरुआत से ही मुकाबले पर दबदबा बनाए रखा और सभी जजों का फैसला अपने पक्ष में कराया। इसके बाद मौजूदा विश्व चैंपियन जैसमीन लांबोरिया ने महिलाओं के 57 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में उत्तरी आयरलैंड की गत चैंपियन माइकेला वॉल्श को 5-0 से हराकर भारत की झोली में दूसरा स्वर्ण पदक डाला। पहले राउंड में कड़ी टक्कर के बाद जैसमीन ने शानदार वापसी करते हुए मुकाबला एकतरफा कर दिया।

जूडो के क्वार्टर फाइनल में उन्नति शर्मा

महिलाओं के 63 किलोग्राम वर्ग में भारत की उन्नति शर्मा ने राउंड ऑफ-16 मुकाबले में लामुलेला मगागुला को हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। उन्नति ने मुकाबले की शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और इप्पोन के जरिए शानदार जीत दर्ज की।

त्रिकूद में सिल्वर और ब्रॉन्ज

एथलेटिक्स के पुरुष त्रिकूद (ट्रिपल जंप) में भारत के प्रवीण चित्रावेल ने 16.58 मीटर की छलांग लगाकर रजत पदक अपने नाम किया। वहीं सेल्वा प्रभु तिरुमरन ने 16.52 मीटर की छलांग के साथ कांस्य पदक जीता। यह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उनका पहला बड़ा पदक है। इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक जमैका के जॉर्डन स्कॉट ने 16.72 मीटर की छलांग के साथ जीता।

प्रियंका गोस्वामी पदक से चूकीं

महिलाओं की 10,000 मीटर रेस वॉक में भारत की प्रियंका गोस्वामी चौथे स्थान पर रहीं। उन्होंने 45:53.93 मिनट का समय निकाला, लेकिन पदक जीतने से चूक गईं। वहीं उनकी साथी खिलाड़ी रवीना गायकवाड़ को रेस के दौरान तीन रेड कार्ड मिलने के कारण अयोग्य घोषित कर दिया गया।

ट्रैक साइक्लिंग में भारतीय टीम बाहर

ट्रैक साइक्लिंग के पुरुष स्प्रिंट क्वालिफिकेशन में भारत के रोजित सिंह यांगलेम, रोनाल्डो सिंह लैतोंजम और डेविड बेकहम एल्काटोहचूंगो शीर्ष-16 में जगह नहीं बना सके। तीनों क्रमशः 22वें, 24वें और 25वें स्थान पर रहे, जिसके साथ ही उनका अभियान क्वालिफिकेशन राउंड में समाप्त हो गया।

पैरा एथलेटिक्स में रमेश सातवें स्थान पर

पैरा एथलेटिक्स की पुरुष टी54 1500 मीटर फाइनल स्पर्धा में भारत के रमेश शनमुगम ने 3:23.59 मिनट का समय लेकर सातवां स्थान हासिल किया।भारत के खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन राष्ट्रमंडल खेलों में लगातार जारी है और आने वाले मुकाबलों में भी देश को कई और पदकों की उम्मीद है।

Please Share With Your Friends Also

‘जन-जन तक संदेश’ ( Jan Jan Tak Sandesh) यह छत्तीसगढ़ का एक तेजी से बढ़ता हुआ हिंदी न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सिर्फ खबरें पहुँचाना नहीं, बल्कि समाज की आवाज़ बनना है।

Leave a Comment