Asian Games तक पहुंचेगा ‘ट्रॉफी विवाद’.! मोहसिन नकवी से मेडल लेगी क्या टीम इंडिया? पढ़ें पूरी ख़बर

🏏

Asian Games 2026: 2025 में भारत की पुरुष टीम और 2026 में भारतीय महिला टीम ने एशिया कप के खिताब जीते लेकिन दोनों ही मौकों पर मोहसिन नकवी ट्रॉफी देने पहुंचे. मगर किसी भी भारतीय टीम ने नकवी के हाथों से ट्रॉफी नहीं ली.

जापान में एशियन गेम्स 2026 का आगाज हो रहा है, जहां एशिया कप 45 देशों के करीब 11 हजार एथलीट पहुंच रहे हैं. भारत के भी करीब 500 एथलीट अलग-अलग मेडल जीतने के इरादे से उतर रहे हैं. कई खेलों में तो मेडल तय ही माने जा रहे हैं और क्रिकेट इसमें सबसे ऊपर है. पिछले एशियन गेम्स की तरह इस बार भी भारत की महिला और पुरुष टीमों के चैंपियन बनने की उम्मीद है. मगर इसके साथ ही जापान में भी भारत बनाम मोहसिन नकवी वाला ड्रामा होने का खतरा मंडरा रहा है. तो क्या टीम इंडिया नकवी के हाथों से मेडल लेगी?


सितंबर 2025 में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने एशिया कप का खिताब जीता था. मगर तब भारतीय टीम ने एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के पाकिस्तानी अध्यक्ष मोहसिन नकवी के हाथों से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था. तब से ही ट्रॉफी ACC के दफ्तर में है. यही कहानी इस महीने फिर दोहराई गई जब भारतीय महिला टीम ने भी एशिया कप का खिताब जीता और एक बार फिर नकवी ट्रॉफी देने की जिद पर अड़े रहे. भारतीय टीम ने ट्रॉफी लेने से इनकार किया और ये ट्रॉफी भी ACC ऑफिस लौट गई.

जापान में भी होगा एशिया कप वाला ड्रामा?

मगर अब सवाल उठ रहा है कि क्या यही कहानी एशियन गेम्स में भी दोहराई जाएगी? ये सवाल इसलिए क्योंकि गेम्स में क्रिकेट के आयोजन में ACC की भूमिका है. ऐसे में मेडल सेरेमनी के दौरान मोहसिन नकवी को बुलाया जा सकता है. ऐसे में सवाल ये उठता है कि अगर टीम इंडिया कोई भी मेडल जीतती है और नकवी को मेडल बांटने की जिम्मेदारी दी जाती है तो क्या एशिया कप ट्रॉफी की तरह भारतीय टीम मेडल लेने से भी इनकार कर देगी?


BCCI के सचिव देवजित सैकिया से एक इंटरव्यू में ये सवाल किया गया लेकिन उन्होंने इस पर कोई साफ जवाब नहीं दिया. टाइम्स ऑफ इंडिया के इंटरव्यू में सैकिया ने कहा कि फिलहाल बोर्ड और टीम का ध्यान पोडियम तक पहुंचने पर है और इसके बाद ही मौजूद परिस्थितियों को ध्यान में रखकर कोई फैसला लिया जाएगा. सैकिया ने कहा कि जो अभी तक हुआ नहीं है, उस पर वो किसी भी तरह की टिप्पणी नहीं करेंगे.

कौन देता है गेम्स में मेडल?

आपको बता दें कि एशियन गेम्स में मेडल बांटने की जिम्मेदारी मुख्य रूप से एशियाई ओलंपिक कमेटी (OCA) के अध्यक्ष को दी जाती है. मगर OCA अध्यक्ष अलग-अलग इवेंट्स के लिए ये जिम्मेदारी अन्य अधिकारियों को बांट सकते हैं, जो कि आम तौर पर होता ही है. इसमें उन खेलों की इंटरनेशनल फेडरेशन या एशियन फेडरेशन के अध्यक्ष भी हो सकते हैं. क्रिकेट के मामले में ऐसी स्थिति में ये जिम्मेदारी मोहसिन नकवी को मिल सकती है. ऐसे में भारतीय टीम और BCCI के लिए फैसला लेना आसान नहीं होगा.

सिर्फ एक स्थिति में भारतीय टीम के लिए स्थिति आसान हो सकती है, अगर OCA की ओर से मेडल बांटने का जिम्मा ICC चेयरमैन जय शाह या किसी अन्य अधिकारी को दी जाती है. हालांकि, रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि BCCI या भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) ऐसी कोई भी मांग या आपत्ति OCA के सामने दर्ज नहीं करवा सकते क्योंकि ये पूरा अधिकार एशियाई कमेटी को है.

मेडल से इनकार नहीं आसान

एशियन गेम्स जैसे बड़े आयोजनों में मेडल्स को लेकर बेहद सख्त नियम हैं. मेडल सेरेमनी के दौरान किसी भी तरह का विरोध, राजनीतिक संकेत नहीं दिए जा सकते. साथ ही मेडल, झंडों और राष्ट्र गान का सम्मान अनिवार्य है. आपको याद दिला दें कि 2014 के एशियन गेम्स में भारतीय बॉक्सर सरिता देवी ने मेडल सेरेमनी के दौरान अपना ब्रॉन्ज मेडल लेने से मना कर दिया था और बेईमानी का आरोप लगाते हुए इसे सिल्वर मेडलिस्ट को दे दिया था. इसके चलते सरिता पर एक साल का बैन लगा था, जबकि उनके कोचों को अस्थायी रूप से निलंबित किया गया था. सरिता ने हालांकि बाद में मेडल ले लिया था.

Please Share With Your Friends Also

‘जन-जन तक संदेश’ ( Jan Jan Tak Sandesh) यह छत्तीसगढ़ का एक तेजी से बढ़ता हुआ हिंदी न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सिर्फ खबरें पहुँचाना नहीं, बल्कि समाज की आवाज़ बनना है।

Leave a Comment