🏏
स्पोर्ट्स डेस्क नई दिल्ली। एशिया कप में हांगकांग के खिलाफ शतकीय पारी के बाद स्मृति मंधाना ने अपनी आईसीसी टी-20 रैंकिंग में और मजबूती हासिल की है। वे टॉप-5 में काबिज हैं। दीप्ति शर्मा ने दो स्थान की छलांग लगाई है। श्री चरणी नंबर वन पर मौजूद हैं।
वहीं भारतीय सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने हांगकांग के खिलाफ महिला एशिया कप के मुकाबले में 124 रन की शानदार पारी के बाद मंगलवार को आईसीसी टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में शीर्ष पांच में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है।

वहीं मंधाना ने 64 गेंदों में 124 रन बनाए। उनकी इस पारी की बदौलत भारत ने हांगकांग को 137 रन से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। इस दौरान मंधाना ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की। वह सभी प्रारूपों को मिलाकर महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाली बल्लेबाज बन गईं। उनके नाम अब 10,880 रन हैं और उन्होंने भारत की पूर्व कप्तान मिताली राज के 10,868 रन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा। यह मंधाना का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 18वां शतक भी था। इसके साथ ही वह महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक शतक लगाने वाली बल्लेबाजों की सूची में सबसे आगे निकल गईं। आईसीसी टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में मंधाना पांचवें स्थान पर कायम हैं। बेथ मूनी 785 रेटिंग पॉइंट के साथ पहले स्थान पर हैं। स्मृति मंधाना के 743 रेटिंग पॉइंट्स हैं। टॉप 10 में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर भी हैं, जिनके नाम के आगे फिलहाल आईसीसी की वेबसाइट में 658 रेटिंग दर्ज है।
दीप्ति शर्मा ने लगाए दो स्थान की छलांग
दरअसल भारतीय ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में दो पायदान की छलांग लगाई है। वह गेंदबाजों की रैंकिंग में अब छठे स्थान पर पहुंच गई हैं। उन्हें बल्ले और गेंद दोनों से उनके अच्छे प्रदर्शन का फायदा मिला है। हरफनमौला खिलाड़ियों की रैंकिंग में दीप्ति पांचवें स्थान पर बनी हुई हैं। एशिया कप में भारत के लिए उनके लगातार अच्छे प्रदर्शन से टीम में उनकी अहम भूमिका भी साफ होती है। यूएई की कप्तान ईशा ओझा एसोसिएट देशों की प्रमुख खिलाड़ियों में अपनी स्थिति लगातार मजबूत कर रही हैं। वह टी20 अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाजों की रैंकिंग में 39वें स्थान पर पहुंच गई हैं, जबकि हरफनमौला खिलाड़ियों की रैंकिंग में शीर्ष 20 में जगह बनाने से वह मामूली अंतर से चूक गयी।

श्री चरणी दुनिया की नंबर वन गेंदबाज
फिलहाल, मौजूदा समय में आईसीसी टी-20 रैंकिंग में नंबर वन टीम ऑस्ट्रेलिया है। भारत तीसरे स्थान पर है। इंग्लैंड की महिला क्रिकेट टीम दूसरे स्थान पर मौजूद है। भारत की श्री चरणी गेंदबाजी रैंकिंग में नंबर वन पर बनी हुई हैं। मौजूदा समय में उनके नाम के आगे 779 रेटिंग पॉइंट्स हैं, जो दूसरे स्थान पर मौजूद सोफी के 723 रेटिंग पॉइंट्स से बहुत अधिक हैं। टॉप टेन में भारत के दो गेंदबाज दीप्ति शर्मा और श्री चरणी हैं। महिला क्रिकेट की नंबर वन ऑलराउंडर वेस्टइंडीज की हीली मैथ्यूज हैं। टॉप-10 में भारत का सिर्फ एक नाम दीर्ति शर्मा के रूप में है।


















