🇮🇳
दिल्ली। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के सनलाइट कॉलोनी थाना क्षेत्र अंतर्गत किलोकरी (Kilokri) गांव में देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। मणिपुर के जाने-माने गिटारवादक और संगीत शिक्षक होंगथाम विक्रम सिंह (54) की कुछ युवकों ने बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी।
ज्ञात हो कि विक्रम सिंह का कसूर सिर्फ इतना था कि उन्होंने अपने घर के पास स्थित ढाबे पर शराब पीकर देर रात तेज आवाज में हो-हल्ला कर रहे डिलीवरी बॉयज और कर्मचारियों को शोर कम करने की हिदायत दी थी।
वहीं सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि हमलावर सीढ़ियों से उनके फ्लैट की ओर चढ़ रहे हैं और उसके ठीक बाद उनका युवा बेटा अपने लहूलुहान और गंभीर रूप से घायल पिता को अपनी पीठ पर लादकर तेजी से अस्पताल ले जाने के लिए नीचे उतर रहा है। अस्पताल में उपचार के दौरान विक्रम सिंह की मौत हो गई।
पुलिस ने क्या कार्रवाई की?
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए छापेमारी की और हत्या में शामिल 7 बालिग आरोपियों को गिरफ्तार व 1 नाबालिग को हिरासत में ले लिया है।
भारत कुमार (19), प्रमोद (26), रमजान खान (22), विजय (36), दीपांशु (21), मोहन विश्वकर्मा (32) और मन्नू (26)। ये सभी पास के ढाबों में पैकेजिंग और डिलीवरी बॉय का काम करते हैं।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(2) (समूह द्वारा हत्या) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू के अनुसार, दिल्ली पुलिस 8 से 9 दिनों के भीतर अदालत में चार्जशीट दाखिल करेगी ताकि दोषियों को जल्द से जल्द कठोरतम सजा दिलाई जा सके।
कौन थे होंगथाम विक्रम सिंह?
विक्रम सिंह मणिपुर के प्रसिद्ध रॉक बैंड Phoenix, अल्ट्रा वाइरस और ईस्टर्न डार्क के मेन गिटारवादक रहे थे। वे मणिपुर की प्रसिद्ध शास्त्रीय गायिका होंगथाम कमला देवी के सबसे बड़े बेटे थे।
पिछले 17 सालों से वे दिल्ली में रहकर संगीत सिखा रहे थे और दिल्ली स्कूल ऑफ म्यूजिक से भी जुड़े रहे। उन्हें जानने वाले लोग उन्हें बेहद शांत, सौम्य और विनम्र इंसान बताते हैं।
घटना पर छिड़ा भारी राजनीतिक संग्राम
इस दुखद घटना ने पूर्वोत्तर के लोगों की सुरक्षा और दिल्ली की कानून-व्यवस्था को लेकर बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है।
वहीं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर गृह मंत्रालय और दिल्ली पुलिस की खिंचाई करते हुए लिखा, “अपने ही देश की राजधानी में, अपने ही घर के बाहर एक पिता की हत्या कर दी गई। दिल्ली में रह रहा हर पूर्वोत्तर का परिवार आज यही पूछ रहा है- क्या हम यहां सुरक्षित हैं?”
दरअसल इस पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा, “यह समय राजनीति का नहीं है। दिल्ली पुलिस ने तुरंत कार्रवाई कर सभी आरोपियों को पकड़ लिया है। पूर्वोत्तर के लोगों की सुरक्षा के लिए विशेष सेल काम कर रहा है और हम अदालत से आरोपियों को सख्त से सख्त सजा दिलवाएंगे।”
वहीं किरेन रिजिजू ने कहा, “इसमें भाजपा का क्या रोल है? जब कोई घटना घटती है और ऐसी त्रासदी होती है, जिसमें किसी की जान चली जाती है, तो तुरंत त्वरित और निर्णायक कार्रवाई पर चर्चा होनी चाहिए। यह राजनीति का विषय नहीं है। दिल्ली पुलिस के अंतर्गत हमने उत्तर पूर्व के लिए जो स्पेशल पुलिस सेल बनाया है, वो लगातार समन्वय में है और जब भी कोई घटना घटती है, तत्काल कार्रवाई की जाती है। अब हालात पहले जैसे नहीं रहे; हमने त्वरित और प्रभावी हस्तक्षेप सुनिश्चित करने के लिए मजबूत प्रणालियाँ स्थापित की हैं।”
‘हमें बदला नहीं, इंसाफ चाहिए’
फिलहाल, दिवंगत संगीतकार की पत्नी जोश्ना होंगथाम इस हादसे से पूरी तरह टूट चुकी हैं। उन्होंने भावुक अपील करते हुए कहा, “हम बदला नहीं मांग रहे हैं, हम सिर्फ न्याय की गुहार लगा रहे हैं। उनका एक नाम था, एक परिवार था और एक जिंदगी थी जो मायने रखती थी। हमारी बस इतनी ही मांग है कि उनकी यादों को सम्मान दिया जाए, हमारे दुख की गरिमा बनी रहे और न्याय हो। जो हमारे साथ हुआ, वह देश के किसी भी अन्य परिवार के साथ नहीं होना चाहिए।”


















