Asian Games 2026: महिला टीम इंडिया की सेमीफाइनल में एंट्री, जापान के खिलाफ सिर्फ 30 गेंदों में खत्म किया मैच..श्री चरणी ने फिर बरपाया कहर

🇮🇳

Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने अपना क्वार्टर फाइनल मैच जापान के खिलाफ खेला. इस मैच में टीम इंडिया ने 8 विकेट से बाजी मारी और सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया.

IND vs JPN Women, Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 के महिला क्रिकेट क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भारतीय गेंदबाजों ने एकतरफा दबदबा बनाते हुए मेजबान जापान को 8 विकेट से हरा दिया. इसी के साथ भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली. इस मुकाबले में जापान की पारी सिर्फ 57 रनों पर समेट दिया. टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने उतरी टीम इंडिया के अनुभवी स्पिन यूनिट के सामने जापानी बल्लेबाजों का टिकना भी मुश्किल हो गया. इसके जवाब में भारत ने आसानी से टारगेट चेज कर लिया.

श्री चरणी ने फिर बरपाया कहर

शानदार फॉर्म में चल रहीं बाएं हाथ की स्पिनर श्री चरणी ने अपने टी20 करियर का बेस्ट प्रदर्शन दर्ज करते हुए सिर्फ 10 रन देकर 4 विकेट झटके. भारतीय गेंदबाजों के दबदबे का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जापानी टीम अपनी पूरी पारी में सिर्फ तीन बाउंड्री ही लगा सकी. इस दौरान जापान की टीम शुरुआत से ही रन गति बढ़ाने के लिए जूझती नजर आई. पावरप्ले के शुरुआती 6 ओवरों में मेजबान टीम 24 रन बना सकी, जिसमें आए दो चौकों में से एक स्लिप से किनारा लेकर गया था.

इसके बाद 7वें ओवर में श्री चरणी ने मोर्चा संभाला. उन्होंने लगातार दो गेंदों पर ओपनर हारुना इवासाकी और कप्तान माई यानागिडा को पवेलियन भेजकर जापानी टॉप ऑर्डर की कमर तोड़ दी. पिच से मिल रहे जबरदस्त टर्न और उछाल ने भारतीय गेंदबाजों को और खतरनाक बना दिया. दूसरे छोर से पार्ट-टाइम ऑफ स्पिनर शेफाली वर्मा ने भी कसी हुई लाइन से गेंदबाजी की और 13 रन देकर 2 विकेट चटकाए. वहीं, दो खिलाड़ी रन आउट होकर पवेलियन लौटे.

शेफाली वर्मा ने खेली तूफानी पारी

इस टारगेट के जवाब में शेफाली वर्मा ने भारत को तेज शुरुआत दिलाई. लेकिन दूसरे छोर पर 2 विकेट जल्दी गिर गए. इसके बाद शेफाली वर्मा ने ऋचा घोष के साथ मिलकर टीम इंडिया को जीत तक पहुंचाया. इस दौरान शेफाली वर्मा ने 15 गेंदों पर नाबाद 40 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 2 छक्के शामिल रहे. वहीं, ऋचा घोष 6 गेंदों पर नाबाद 12 रन बनाकर पवेलियन लौटीं. जिसके चलते भारत ने इस टारगेट को 5 ओवर यानी 30 गेंदों में 2 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया.

Please Share With Your Friends Also

‘जन-जन तक संदेश’ ( Jan Jan Tak Sandesh) यह छत्तीसगढ़ का एक तेजी से बढ़ता हुआ हिंदी न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सिर्फ खबरें पहुँचाना नहीं, बल्कि समाज की आवाज़ बनना है।

Leave a Comment