सावधान, 15 अगस्त पर महिलाओं को 1 साल का फ्री रिचार्ज का दावा? पीएम मोदी के VIDEO ने मचाई सनसनी..जानिए पूरा सच

👇

Viral News: सोशल मीडिया पर इन दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दावा किया जा रहा है कि 15 अगस्त के मौके पर देश की सभी महिलाओं यानी बहनों को एक साल का मुफ्त मोबाइल रिचार्ज दिया जाएगा।

आकर्षक ऑफर से जुड़ा यह वीडियो तेजी से शेयर किया जा रहा है और कई लोग इसे सरकार की नई घोषणा समझ रहे हैं। लेकिन इस वायरल वीडियो की सच्चाई सामने आने के बाद लोगों को सावधान रहने की जरूरत है।

पीएम मोदी के नाम पर वायरल हुआ फर्जी VIDEO

वायरल वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कथित तौर पर यह घोषणा करते हुए दिखाया गया है कि 15 अगस्त के अवसर पर सभी बहनों को एक साल का मुफ्त मोबाइल रिचार्ज दिया जाएगा। वीडियो में दावा इतना वास्तविक तरीके से पेश किया गया है कि कई लोग इसे सच मान बैठे। हालांकि, प्रेस सूचना ब्यूरो यानी पीआईबी फैक्ट चेक ने इस दावे की पड़ताल की और इसे पूरी तरह फर्जी बताया है। जांच के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी या केंद्र सरकार की ओर से ऐसी कोई घोषणा नहीं की गई है।



AI ने बनाया डीपफेक वीडियो

पीआईबी फैक्ट चेक के मुताबिक, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) से बनाया गया डीपफेक है। यानी वीडियो में प्रधानमंत्री की तस्वीर और आवाज का इस्तेमाल करके एक फर्जी संदेश तैयार किया गया है। डीपफेक तकनीक की मदद से किसी व्यक्ति के चेहरे, आवाज और बोलने के अंदाज को इस तरह बदला जा सकता है कि पहली नजर में वीडियो बिल्कुल असली लगे। यही वजह है कि सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो तेजी से लोगों को भ्रमित कर सकते हैं।

फ्री रिचार्ज के नाम पर ठगी का जाल

मुफ्त मोबाइल रिचार्ज का दावा सुनकर बड़ी संख्या में लोग ऐसे वीडियो या पोस्ट पर भरोसा कर सकते हैं। साइबर ठग इसी तरह के लालच का फायदा उठाकर लोगों को फर्जी लिंक भेज सकते हैं। ऐसे लिंक पर क्लिक करने के बाद यूजर से मोबाइल नंबर, बैंक खाते की जानकारी, ओटीपी या अन्य निजी जानकारी मांगी जा सकती है। कुछ मामलों में फर्जी वेबसाइट या ऐप के जरिए पैसे ऐंठने की कोशिश भी की जा सकती है। इसलिए अगर आपको भी 15 अगस्त पर एक साल के मुफ्त रिचार्ज से जुड़ा कोई मैसेज, वीडियो या लिंक मिले तो बिना जांच किए उस पर भरोसा न करें।

कैसे पहचानें फर्जी सरकारी घोषणा?

अगर किसी वीडियो में प्रधानमंत्री, मंत्री या सरकार की किसी योजना को लेकर बड़ा दावा किया गया है तो सबसे पहले उसकी पुष्टि आधिकारिक सरकारी स्रोतों से करें। केवल सोशल मीडिया वीडियो या किसी पोस्ट को देखकर उसे सरकारी घोषणा मान लेना भारी पड़ सकता है। खासकर मुफ्त रिचार्ज, मुफ्त पैसा, सरकारी योजना या किसी आर्थिक लाभ से जुड़े दावों में अतिरिक्त सावधानी बरतें।

OTP और बैंकिंग जानकारी बिल्कुल न दें

अगर किसी फर्जी ऑफर के नाम पर आपसे ओटीपी, यूपीआई पिन, एटीएम कार्ड की जानकारी या बैंक डिटेल मांगी जाए तो उसे बिल्कुल साझा न करें। किसी अनजान लिंक पर क्लिक करने या संदिग्ध ऐप डाउनलोड करने से भी बचें। याद रखें, वीडियो में प्रधानमंत्री की आवाज और चेहरा दिखाई देना इस बात की गारंटी नहीं है कि वीडियो असली है। AI डीपफेक के दौर में किसी भी वायरल वीडियो को सच मानने से पहले उसकी पुष्टि करना बेहद जरूरी है।

Please Share With Your Friends Also

‘जन-जन तक संदेश’ ( Jan Jan Tak Sandesh) यह छत्तीसगढ़ का एक तेजी से बढ़ता हुआ हिंदी न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सिर्फ खबरें पहुँचाना नहीं, बल्कि समाज की आवाज़ बनना है।

Leave a Comment