🏏
Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 से पहले भारतीय महिला टीम में बड़ा बदलाव होने जा रहा है. चोटिल जेमिमा रोड्रिग्स की जगह एक युवा खिलाड़ी टीम का हिस्सा बनने वाली हैं. जिसके नाम का खुलासा हो गया है.
एशियन गेम्स 2026 से पहले भारतीय महिला क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है. टीम की अनुभवी बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स हैमस्ट्रिंग इंजरी से जूझ रही हैं. जिसके चलते वो एशिया कप 2026 का भी हिस्सा नहीं हैं.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय सेलेक्टर्स और टीम मैनेजमेंट ने जेमिमा रोड्रिग्स की जगह प्रतिका रावल को स्क्वॉड में शामिल करने का फैसला किया है, जो एशिया कप में भी उनके रिप्लेसमेंट के तौर पर खेल रही हैं.
वहीं, जेमिमा पिछले महीने इंग्लैंड में द हंड्रेड टूर्नामेंट के दौरान साउदर्न ब्रेव की तरफ से खेलते हुए चोटिल हो गई थीं। इसके बाद से वह मैदान से दूर हैं और रिहैब प्रक्रिया से गुजर रही हैं. जिसके चलते प्रतिका रावल ने हाल ही में चल रहे महिला टी20 एशिया कप के दौरान अपना इंटरनेशनल टी20 डेब्यू किया है.
दरअसल, प्रतिका रावल एशिया कप के बाद एशियन गेम्स 2026 में भी टीम का हिस्सा होंगी. वो एशिया कप में टॉप ऑर्डर में नंबर 3 पर बल्लेबाजी का जिम्मा संभाल रही हैं. टूर्नामेंट में खेले गए अपने तीन शुरुआती मुकाबलों में उन्होंने 22, 10 और 4 रन के स्कोर बनाए हैं.
फिलहाल, प्रतिका रावल का यहां तक का सफर आसान नहीं रहा है. 2024 के बाद से उन्होंने लंबे समय तक कोई टी20 मुकाबला नहीं खेला था. 2025 महिला वनडे वर्ल्ड कप के दौरान बांग्लादेश के खिलाफ मैच में उनके टखने में फ्रैक्चर हो गया था, जिसके चलते उन्हें लंबे समय तक क्रिकेट से दूर रहना पड़ा. अब वो एक के बाद एक दो बड़े टूर्नामेंट खेलने वाली हैं.


















