👇
CG Breaking News/रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में आज का दिन अहम रहने वाला है, क्योंकि विधानसभा का विशेष सत्र महिला सशक्तीकरण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे पर केंद्रित होगा। इस दौरान राज्य सरकार महिला आरक्षण कानून और परिसीमन से जुड़े 131वें संविधान संशोधन विधेयक के पारित न होने के विरोध में निंदा प्रस्ताव लाने की तैयारी में है।
वहीं, इस मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच सदन में तीखी बहस के आसार हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बीते दिनों इस विषय पर कहा था कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का लक्ष्य विपक्ष के रुख के कारण पूरा नहीं हो सका। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यह निर्णय देश की करोड़ों महिलाओं की उम्मीदों को प्रभावित करने वाला है और यह केवल राजनीतिक नहीं बल्कि सामाजिक न्याय से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है।
ये भी पढ़ें-
दरअसल, कांग्रेस ने इस मुद्दे पर सरकार पर तीखा पलटवार किया है। कांग्रेस का कहना है कि सरकार महिला आरक्षण को लेकर केवल राजनीतिक बयानबाजी कर रही है, जबकि जमीनी स्तर पर इसके क्रियान्वयन को लेकर स्पष्टता नहीं है। पार्टी ने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य दोनों स्तरों पर जिम्मेदारी तय किए बिना इसे चुनावी मुद्दे के रूप में पेश किया जा रहा है। कांग्रेस ने यह भी कहा कि वे सदन में तथ्यों के साथ सरकार के दावों का जवाब देंगे।
फिलहाल, विशेष सत्र पूरी तरह से टकरावपूर्ण रहने की संभावना है, जहां सत्ता पक्ष निंदा प्रस्ताव के जरिए विपक्ष को घेरने की कोशिश करेगा, वहीं कांग्रेस सरकार की नीतियों और मंशा पर सवाल उठाकर जवाबी हमला करेगी।
विधानसभा में आयोजित बैठक और विशेष सत्र में CM साय होंगे शामिल
फिलहाल, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज विधानसभा में आयोजित बैठक और विशेष सत्र में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री सचिवालय द्वारा जारी आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार आज का पूरा दिन विधायी कार्यों और प्रशासनिक गतिविधियों के लिए निर्धारित किया गया है।
ये भी पढ़ें-
बता दें कि, मुख्यमंत्री सुबह 8:30 बजे सिविल लाइन रायपुर स्थित अपने निवास से कार द्वारा प्रस्थान करेंगे और 8:55 बजे नवा रायपुर अटल नगर स्थित विधानसभा परिसर पहुंचेंगे। इसके बाद वे सुबह 9:00 बजे से 10:45 बजे तक मुख्य समिति कक्ष में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होंगे। इसके पश्चात मुख्यमंत्री सुबह 11:00 बजे से शाम 05:30 बजे तक विधानसभा सत्र की कार्यवाही में भाग लेंगे।
वहीं, सत्र समाप्त होने के बाद वे शाम 5:30 बजे विधानसभा परिसर से मुख्यमंत्री निवास के लिए रवाना होंगे और लगभग 5:55 बजे अपने निवास पहुंचेंगे, जहां शेष समय आरक्षित रहेगा।


















