CG Weather: छत्तीसगढ़ में अगले 3 दिन झमाझम बारिश की संभावना, जशपुर समेत आज कई जिलों में अलर्ट जारी

👇

CG Weather Today/रायपुर. मानसून का ब्रेक खत्म होने के बाद प्रदेश में बारिश का दौर शुरू हो चुका है. बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर जोन का असर छत्तीसगढ़ में देखने को मिल रहा है. राजधानी रायपुर में सुबह से आसमान में बादल छाने के साथ बूंदाबांदी हो रही है. मौसम पूरी तरह सुहावना बना हुआ है. प्रदेश में अगले तीन दिनों तक बारिश की गतिविधि बढ़ने और कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी वर्षा की संभावना जताई गई है.

हालांकि, मौसम विभाग ने जानकारी दी कि प्रदेश में गुरुवार को अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हुई. इस दौरान दुर्ग में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड और अंबिकापुर में 23.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है.

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम ?

वहीं, राजधानी रायपुर में शुक्रवार को आकाश में बादल छाए रहने के साथ बारिश और बादल गरजने-चमकने की संभावना जताई गई है. इस दौरान अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूमतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है.

कहां-कहां हुई बारिश

हालांकि मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, गुरुवार को प्रदेश के शंकरगढ़, कुसमी में 9- 9 सेंटीमीटर, चांदो में 8, पटना में 6, समरी में 5, बलरामपुर, दौरा कोचली में 4-4, बोराई, बिहारपुर, कोटा, रामानुजनगर, मरवाही, चलगली, अंबिकापुर में 3-3, सकरी, भिलाई, रघुनाथ नगर, अहिवारा में 2-2 सेंटीमीटर वर्षा हुई.


बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर सिस्टम मौजूद

दरअसल, मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तरी ओडिशा-पश्चिम बंगाल तटों पर सुचिह्नित निम्न दबाव क्षेत्र बना हुआ है. इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 7.6 किमी की ऊंचाई तक फैला हुआ है और ऊंचाई के साथ दक्षिण-पश्चिम की ओर झुका हुआ है. इसके अगले 2 दिनों के दौरान उत्तर ओडिशा और गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल से होते हुए उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने की संभावना है.

कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी

फिलहाल, मौसम विभाग ने आज सुबह रायपुर, राजनांदगांव समेत कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाज़ार, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली में 40-60 किमी की रफ्तार से अंधड़ चलने, आकाशीय बिजली और बारिश की संभावना जताई गई है. इन इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.

वहीं सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाज़ार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में बारिश की गतिविधि को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है.

Please Share With Your Friends Also

‘जन-जन तक संदेश’ ( Jan Jan Tak Sandesh) यह छत्तीसगढ़ का एक तेजी से बढ़ता हुआ हिंदी न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सिर्फ खबरें पहुँचाना नहीं, बल्कि समाज की आवाज़ बनना है।

Leave a Comment