GK: मां का दूध लैब में क्यों नहीं बना पाए वैज्ञानिक, कहां अटक जाते हैं? आइए जानें

👇

World Breastfeeding Week: आयुर्वेद हो या मॉडर्न साइंस, मां के दूध को अमृत बताया गया है. एक नवजात के लिए यह सबसे जरूरी है, लेकिन दशकों से लैब में इसे बनाने की कोशिशें जारी हैं. अब तक सफलता नहीं मिल पाई है. वर्ल्ड ब्रेस्टफीडिंग वीक के मौके पर जानिए, वैज्ञानिक लैब में अब तक मां का दूध क्यों नहीं बना पाए.

क्या मां का दूध लैब में तैयार किया जा सकता है? इसका सीधा सा जवाब है कि यह अब तक संभव नहीं हो पाया है. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दौर में भी वैज्ञानिक इसे हूबहू बनाने में फेल साबित हुए हैं. दुनियाभर की बड़ी-बड़ी फूड कंपनियां, यूनिवर्सिटीज और बायोटेक स्टार्टअप्स दशकों से इसे बनाने की कोशिश में लगे हैं. अरबों डॉलर की रिसर्च, अत्याधुनिक लैब्स, जीन-एडिटेड पौधे और AI-आधारित प्रोटीन एनालिसिस के बावजूद, आज तक कोई भी मां के दूध की हूबहू नकल नहीं कर पाया है. आज मां के दूध की बात इसलिए क्योंकि हर साल 1 से 7 अगस्त के बीच दुनियाभर में वर्ल्ड ब्रेस्टफीडिंग वीक मनाया जाता है.




मां का दूध बच्चे के लिए सिर्फ पोषक तत्वों का खजाना भर नहीं है. यह उन्हें संक्रमण से बचाकर दवा की तरह काम करता है. यही बच्चे का रोगों से लड़ने वाला इम्यून सिस्टम को प्रशिक्षित करता है. अब सवाल है कि अब तक वैज्ञानिक मां के दूध को कृत्रिम रूप से क्यों नहीं तैयार कर पाए हैं. आयरलैंड की यूनिवर्सिटी कॉलेज कॉर्क के नियोनेटोलॉजिस्ट टोनी रायन का मानना है कि फॉर्मूला कभी भी इसकी नकल नहीं कर पाएगा, हालांकि विज्ञान बेहतर प्रोडक्ट बनाने में मदद ज़रूर कर सकता है.

वहीं, कॉपी करने में असली मुश्किल यहां है
मां के दूध में एक खास तरह के प्रीबायोटिक शुगर मॉलिक्यूल पाए जाते हैं, जिन्हें ह्यूमन मिल्क ओलिगोसैकेराइड्स (HMOs) कहा जाता है. रिसर्च के मुताबिक अब तक इंसानी दूध में 200 से ज्यादा अलग-अलग तरह के ओलिगोसैकेराइड पाए गए हैं, जो नवजात बच्चे के आंत में बनने वाले माइक्रोबायोम को आकार देने में अहम भूमिका निभाते हैं.

हालांकि आसान भाषा में समझें तो ये शुगर मॉलिक्यूल बच्चे के शरीर में सीधे एनर्जी के लिए इस्तेमाल नहीं होते बल्कि ये सीधे आंत तक पहुंचकर वहां मौजूद फायदेमंद बैक्टीरिया, खासकर बिफिडोबैक्टीरियम, को पोषण देते हैं और नुकसानदायक बैक्टीरिया और वायरस को शरीर से चिपकने से रोकते हैं. सबसे बड़ी मुश्किल है कि इनमें से ज्यादातर मॉलिक्यूल इतने कॉम्प्लेक्स हैं कि आज भी इन्हें प्रयोगशाला में बड़े स्तर पर बनाना बेहद मुश्किल है.

मां का दूध बनाने के लिए क्या कर रहे वैज्ञानिक?

कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी, बर्कले की एक रिसर्च कहती है, इनमें से अधिकांश शुगर मॉलिक्यूल को बनाना आज भी बेहद कठिन, यहां तक कि लगभग असंभव माना जाता है. इसी वजह से वैज्ञानिक अब जीन-इंजीनियर्ड पौधों की मदद से इन शुगर्स को बनाने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि फॉर्मूला और सस्ता प्लांट-बेस्ड दूध ज्यादा पौष्टिक बनाया जा सके.

जीवित कोशिकाओं को बोतल में बंद नहीं कर सकते

वहीं, फॉर्मूला मिल्क और मां के दूध के बीच सबसे बड़ा फर्क यह है कि मां के दूध में जीवित कोशिकाएं, एक्टिव एंजाइम, हार्मोन और एंटीबॉडीज मौजूद होती हैं जबकि फॉर्मूला मिल्क को कमरे के तापमान पर तीन साल तक स्टोर होना पड़ता है, जिसके लिए इसे इस तरह प्रोसेस करना पड़ता है कि उसमें कोई जीवित तत्व बचे ही नहीं.

वहीं, मां के दूध में जीवित कोशिकाएं, हार्मोन, सक्रिय एंजाइम, इम्यूनोग्लोबुलिन्स और ऐसे मॉलीक्यूल होते हैं जिन्हें फॉर्मूला मिल्क में नहीं शामिल किया जा सकता है क्योंकि फॉर्मूला मिल्क को लंबे समय तक टिकाऊ रहना जरूरी होता है और मां के दूध के साथ ऐसी बाध्यता नहीं है.


दरअसल, मां का दूध बदलता रहता है पर फॉर्मूला मिल्क हमेशा एक जैसा होता है, लेकिन मां का दूध हर महिला में, यहां तक कि एक ही महिला में दिन-प्रतिदिन और फीडिंग-दर-फीडिंग बदलता रहता है. रिसर्च बताती है कि HMOs की मात्रा भी मां की जेनेटिक्स के हिसाब से अलग होती है. जिन मांओं में “सेक्रेटर जीन” (FUT2) सक्रिय होता है, उनके दूध में कुछ खास शुगर मॉलिक्यूल पाए जाते हैं, जबकि “नॉन-सेक्रेटर” माताओं के दूध में ये अनुपस्थित या बेहद कम होते हैं, जिसका सीधा असर बच्चे के आंत माइक्रोबायोम पर पड़ता है.

फिलहाल, एक अध्ययन में पाया गया कि सेक्रेटर माताओं के बच्चों में बिफिडोबैक्टीरियम बिफिडम नाम के फायदेमंद बैक्टीरिया की मात्रा तुलनात्मक रूप से कम पाई गई. यानी मां का दूध सिर्फ एक रेसिपी नहीं, बल्कि हर मां-बच्चे की जोड़ी के लिए अलग से डिजाइन किया गया सिस्टम है और यही चीज इसे कॉपी करना लगभग असंभव बना देती है.

Please Share With Your Friends Also

‘जन-जन तक संदेश’ ( Jan Jan Tak Sandesh) यह छत्तीसगढ़ का एक तेजी से बढ़ता हुआ हिंदी न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सिर्फ खबरें पहुँचाना नहीं, बल्कि समाज की आवाज़ बनना है।

Leave a Comment