Health Tips : पेशाब के रंग से समझें किडनी, हाइड्रेशन और बीमारी के संकेत..जानें एक्सपर्ट से कौन सा रंग कौन सी बीमारी का है संकेत

👇

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। हमारा शरीर बीमारियों के संकेत कई तरीकों से देता है, और उनमें से एक अहम संकेत है पेशाब का रंग (Urine Color)। चिकित्सा विज्ञान के अनुसार, पेशाब का रंग न केवल शरीर में हाइड्रेशन के स्तर को दर्शाता है, बल्कि यह किडनी (Kidneys), लिवर और समग्र स्वास्थ्य की स्थिति का भी आईना होता है। अक्सर लोग इसके बदलते रंगों को नजरअंदाज कर देते हैं, जबकि यही बदलाव कई बार किसी गंभीर समस्या का शुरुआती संकेत हो सकते हैं।

भारतीय योग गुरु, लेखक, शोधकर्ता और टीवी पर्सनालिटी Hansa Yogendra ने पेशाब के अलग-अलग रंगों जैसे गहरा पीला, लाल, पारदर्शी या झागदार पेशाब का वैज्ञानिक महत्व समझाया है। उनके अनुसार, अगर किडनी ठीक से काम नहीं कर रही हो तो इसका असर पेशाब के रंग में नजर आने लगता है। इसके अलावा शरीर में डिहाइड्रेशन या अन्य स्वास्थ्य समस्याओं के दौरान भी यूरिन संकेत देता है। ऐसे में जरूरी है कि इन संकेतों को समय रहते पहचान कर सही कदम उठाए जाएं।


आदर्श यूरिन का रंग कैसा होना चाहिए?

वहीं, यूरिन का आदर्श रंग हल्का पीला होता है। यह दिखाता है कि शरीर ठीक से हाइड्रेटेड है, किडनी सही तरह से काम कर रही है और टॉक्सिन्स बाहर निकल रहे हैं। यह शरीर में संतुलन की स्थिति को दर्शाता है।

पेशाब के रंग से जानें बॉडी का हाल

पेशाब से समझें किडनी की सेहत का हाल

वहीं, अगर यूरिन का आउटपुट सही नहीं है तो इसका सीधा असर किडनी पर पड़ता है। हमारी किडनी रोज लगभग 189 लीटर खून को फिल्टर करके शरीर से टॉक्सिन्स बाहर निकालती है। ऐसे में खराब लाइफस्टाइल किडनी पर अतिरिक्त दबाव डाल सकता है।

बिल्कुल साफ यूरिन बॉडी की कौन सी परेशानी का संकेत?

बता दें, अक्सर लोग मानते हैं कि बिल्कुल साफ, पानी जैसा यूरिन अच्छी सेहत का संकेत है, लेकिन यह हमेशा सही नहीं होता। यह इस बात का संकेत हो सकता है कि आप जरूरत से ज्यादा पानी पी रहे हैं, जिससे शरीर के जरूरी मिनरल्स और इलेक्ट्रोलाइट्स जैसे सोडियम कम हो सकते हैं और बॉडी में कमजोरी महसूस हो सकती है।

गहरा पीला यूरिन खतरे का अलर्ट

हालांकि, अगर यूरिन का रंग गहरा पीला हो जाए तो यह डिहाइड्रेशन और शरीर में बढ़ती गर्मी का संकेत हो सकता है। इसके साथ एसिडिटी, थकान, चिड़चिड़ापन और तेज गंध वाला यूरिन भी हो सकता है। इसे नजरअंदाज करने से किडनी पर असर पड़ सकता है।

भूरा यूरिन

वहीं, भूरा रंग का यूरिन लिवर पर तनाव या रेड ब्लड सेल्स के टूटने का संकेत हो सकता है। अगर इसके साथ आंखों का पीला होना या ज्यादा थकान भी हो तो यह संकेत है कि शरीर का डिटॉक्स सिस्टम ठीक से काम नहीं कर रहा।

लाल या गुलाबी यूरिन है तो तुरंत हो जाएं सावधान

ज्ञात हो कि, अगर यूरिन लाल या गुलाबी दिखे तो इसे बिल्कुल नजरअंदाज न करें। यह इंफेक्शन, किडनी स्टोन या पेशाब में खून आने का संकेत हो सकता है। ऐसी स्थिति में तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना जरूरी है।

पेशाब के रंग से खुद लगाएं बीमारी का पता

वहीं, अपने शरीर को समझने का सबसे आसान तरीका है यूरिन का रंग देखना। हल्का पीला मतलब शरीर हाइड्रेटेड है, गहरा रंग मतलब पानी बढ़ाने की जरूरत है और बिल्कुल साफ मतलब थोड़ा पानी कम करना चाहिए।

बॉडी को हेल्दी रखने के लिए रोज कितना पानी पीना है जरूरी

दरअसल, ज्यादातर लोग या तो बहुत कम पानी पीते हैं या अचानक बहुत ज्यादा पीने लगते हैं, जबकि दोनों ही गलत हैं। सामान्य तौर पर एक दिन में 2 से 2.5 लीटर पानी पीना पर्याप्त होता है। पानी को दिनभर में धीरे-धीरे पीना चाहिए, एक बार में ज्यादा मात्रा में पानी का सेवन नहीं करना चाहिए।

किडनी से है पेशाब का कनेक्शन, ये योग करेंगे मदद

फिलहाल, किडनी को स्वस्थ रखने के लिए योग भी मददगार होता है। योगेंद्र पादांगुष्ठासन और योगेंद्र वीरासन जैसे आसन शरीर के अंदरूनी अंगों को बेहतर तरीके से काम करने में मदद करते हैं, पाचन सुधारते हैं और शरीर को संतुलित रखते हैं। एक्सपर्ट ने बताया आप दिनभर में थोड़ा-थोड़ा पानी पीते रहें, ज्यादा चीनी से बचें और प्रोसेस्ड फूड का सेवन कम करें। ये आदतें यूरिन और किडनी दोनों को स्वस्थ रखने में मदद करती हैं।

डिस्क्लेमर:
यह जानकारी केवल सामान्य जागरूकता के उद्देश्य से दी गई है। यह किसी भी प्रकार की पेशेवर चिकित्सा सलाह, निदान या उपचार का विकल्प नहीं है। पेशाब के रंग में बदलाव कई कारणों से हो सकता है, इसलिए किसी भी असामान्य लक्षण के लगातार बने रहने पर डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है। किडनी, लिवर या अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के संदेह में स्वयं इलाज करने के बजाय योग्य चिकित्सक से परामर्श अवश्य लें।

Please Share With Your Friends Also

‘जन-जन तक संदेश’ ( Jan Jan Tak Sandesh) यह छत्तीसगढ़ का एक तेजी से बढ़ता हुआ हिंदी न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सिर्फ खबरें पहुँचाना नहीं, बल्कि समाज की आवाज़ बनना है।

Leave a Comment