🏏
Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में महिला क्रिकेट इवेंट का फाइनल मैच भारत और श्रीलंका के बीच खेला जाएगा. अगर ये मैच बारिश के चलते रद्द होता है तो टीम इंडिया को फायदा मिलेगा.
Asian Games 2026, IND vs SL Gold Medal Match: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम का विजय अभियान जारी है. सेमीफाइनल मुकाबले में बांग्लादेश को धूल चटाकर टीम इंडिया ने फाइनल में एंट्री कर ली है और कम से कम सिल्वर मेडल अपने नाम कर लिया है. अब गोल्ड मेडल के महामुकाबले में भारतीय टीम की भिड़ंत श्रीलंका से होगी. वहीं, सेमीफाइनल में मात खाने वाली पाकिस्तान और बांग्लादेश की टीमें ब्रॉन्ज मेडल के लिए आमने-सामने होंगी.
22 सितंबर को होंगे दोनों मेडल मैच
वहीं, महिला क्रिकेट इवेंट के दोनों मेडल मैच मंगलवार 22 सितंबर को खेले जाने हैं. न का पहला मैच पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच खेला जाएगा, जो भारतीय समयानुसार सुबह 5:30 बजे शुरू होगा, ये ब्रॉन्ज मेडल मुकाबला होगा. फिर भारत और श्रीलंका के बीच खिताबी जंग भारतीय समयानुसार सुबह 10:30 बजे शुरू होगी.
बारिश में धुल गया फाइनल, तो किसे मिलेगा गोल्ड मेडल?
दरअसल, जापान में मौसम के बदलते मिजाज के बीच यह सवाल बड़ा हो गया है कि अगर भारत और श्रीलंका के बीच का फाइनल मुकाबला लगातार बारिश के कारण रद्द हो जाता है, तो मेडल का फैसला कैसे होगा. बता दें, टूर्नामेंट के आधिकारिक नियमों के तहत नॉकआउट मैचों के लिए कोई रिजर्व डे नहीं रखा गया है. अगर मैच बिना किसी नतीजे के धुल जाता है, तो बेहतर रैंकिंग और हाईयर सीडिंग वाली टीम को विजेता घोषित किया जाएगा.
फिलहाल, इंटरनेशनल टी20 रैंकिंग और टूर्नामेंट की आधिकारिक सीडिंग में भारतीय महिला टीम श्रीलंका से काफी आगे है. ऐसे में अगर खराब मौसम के कारण खेल संभव नहीं हो पाता है, तो तकनीकी नियमों के आधार पर भारत को गोल्ड मेडल और श्रीलंका को सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ेगा. दूसरी ओर, पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच ब्रॉन्ज मेडल बारिश में धुल जाता है तो पाकिस्तानी टीम को रैंकिंग के आधार पर विजेता माना जाएगा. यानी बांग्लादेश को खाली हाथ वापस लौटना होगा.


















