🏏
IND vs SLC 11: भारत और SLC-11 के बीच चल रहे वॉर्म-अप मैच के दूसरे दिन टीम इंडिया ने बल्लेबाजी की, जिसकी हाईलाइट देवदत्त पडिक्कल रहे. पडिक्कल ने एक बेहतरीन शतक जमाया लेकिन दिन का अंत बराड़ ने शानदार तरीके से किया.
श्रीलंका में दौरे पर भारतीय टीम का असली इम्तेहान अभी शुरू नहीं हुआ है. इसके लिए टीम इंडिया फिलहाल तैयारी कर रही है. इसी तैयारी के तहत कोलंबों में श्रीलंका क्रिकेट इलेवन और टीम इंडिया के बीच 3 दिन का वॉर्म-अप मैच आयोजित किया गया है. मैच के दूसरे दिन के अंत में जो देखने को मिला, उसके बारे में शायद ही किसी ने सोचा होगा. टीम इंडिया के युवा गेंदबाज गुरनूर बराड़ ने अपने बल्ले का कमाल दिखाया और दिन के आखिरी ओवर में 4 छक्के उड़ा दिए.
शनिवार 8 अगस्त को भारत और श्रीलंका क्रिकेट इलेवन के बीच अभ्यास मैच का दूसरा दिन था. पूरे दिन भारतीय टीम ने बल्लेबाजी की, जिसमें देवदत्त पडिक्कल स्टार रहे. उन्होंने शतक जमाया और नाबाद लौटे. वहीं रवींद्र जडेजा ने भी अर्धशतकीय पारी खेली. वहीं कुछ अन्य बल्लेबाज फेल रहे. मगर दिन का अंत तो गुरनूर बराड़ ने जिस अंदाज में किया वो खास था.
आखिरी ओवर में बराड़ बरसे
भारतीय पारी का 90वां ओवर जब शुरू हुआ तो देवदत्त पडिक्कल ने एक रन लिया. फिर स्ट्राइक पर आए बराड़. उनका सामना श्रीलंका के घरेलू क्रिकेट के अनुभवी स्पिनर दिलम सुदीरा से हो रहा था. मगर बाएं हाथ के बल्लेबाज बराड़ को इससे कोई फर्क नहीं पड़ा. उन्होंने ओवर की दूसरी गेंद पर लॉन्ग ऑन में छक्का जमा दिया. फिर अगली गेंद को स्ट्रेट बाउंड्री की ओर 6 रन के लिए भेज दिया. चौथी गेंद पर कोई रन नहीं आया. मगर ओवर की आखिरी 2 गेंदों पर भी छक्का जमाकर बराड़ ने दिन का शानदार अंत किया.
टीम इंडिया ने बनाए 357 रन
अब गुरनूर बराड़ तो पहले दिन ही अपनी गेंदबाजी से प्रभावित कर चुके थे. मगर बल्लेबाजी में उन्होंने जैसा काम किया, उसने टीम इंडिया के सभी खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ को खुश कर दिया. खास तौर पर कोच गौतम गंभीर तो अपनी हंसी रोक ही नहीं पाए और वो बराड़ के लिए तालियां बजाते हुए जोर-जोर से हंस रहे थे. बराड़ सिर्फ 18 गेंदों में 36 रन बनाकर नाबाद लौटे, जिसमें 4 छक्के और 2 चौके शामिल थे. इसकी मदद से टीम इंडिया ने दूसरे दिन 8 विकेट खोकर 357 रन बना लिए.


















